आगरा में डॉक्टर की स्वाइन फ्लू से हुई मौत, संपर्क में आए लोगों की हो रही है जांच

Etah Swine Flu Death: एटा के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शीलेंद्र गौड़ (80) की आगरा के एक निजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। वह पटियाली गेट, एटा के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार, रविवार को उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया था। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान डॉक्टरों को उनमें स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई दिए। इसके बाद जांच कराई गई, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अस्पताल में तय प्रोटोकॉल के अनुसार उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। बृहस्पतिवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

संपर्क में आए लोगों की होगी जांच

डॉक्टर की मौत की जानकारी मिलते ही एटा और आगरा के स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई। एटा स्वास्थ्य विभाग ने अब कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मृतक के सीधे संपर्क में आए परिजनों और करीबियों की सूची तैयार की जा रही है।

इन सभी लोगों की स्वाइन फ्लू की जांच कराई जाएगी। साथ ही परिवार को होम आइसोलेशन और संक्रमण से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी जाएगी।

लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से मिलें

सीएमओ ने लोगों से अपील की है कि बुखार, खांसी, जुकाम और गले में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। उन्होंने बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Also Read: लखनऊ की नकली दवा जांच पहुंची सहारनपुर, तहखाने से मशीनें और दवा स्ट्रिप्स बरामद 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.