AIIMS दिल्ली में लीवर ट्रांसप्लांट के नाम पर लखनऊ के युवक ने ठगे 4.14 लाख, फर्जी बिल देकर फंसाया
Deoria Fraud Case: उत्तर प्रदेश के देवरिया में डेढ़ साल की बच्ची के इलाज के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि लखनऊ (Lucknow) में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े हर्षित पाठक ने बच्ची का एम्स दिल्ली में लीवर ट्रांसप्लांट (Liver Transplant) कराने का भरोसा देकर परिवार से 4.14 लाख रुपये ले लिए।
रकम लेने के बाद परिवार को एम्स दिल्ली (AIIMS Delhi) में भर्ती से संबंधित बिल भी दिया गया। भरोसा करके परिजन बच्ची को लेकर दिल्ली पहुंचे, लेकिन अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि एम्स की ओर से ऐसा कोई बिल जारी ही नहीं किया गया था। इसके बाद परिवार को ठगी का पता चला।
बच्ची के इलाज के नाम पर लिए 4.14 लाख रुपये
Deoria के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के जमुआ नंबर निवासी पंकज चौहान के भाई की डेढ़ वर्षीय बेटी मान्या चौहान को जन्म से ही लीवर संबंधी समस्या है। डॉक्टरों ने बच्ची के लिए लीवर ट्रांसप्लांट की सलाह दी थी। महंगे इलाज से राहत की उम्मीद में परिवार ने एम्स दिल्ली में इलाज कराने का फैसला किया।
पंकज चौहान ने एक परिचित के माध्यम से लखनऊ में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े हर्षित पाठक (Harshit Pathak) से संपर्क किया। आरोप है कि हर्षित ने एम्स दिल्ली में बच्ची का ट्रांसप्लांट कराने की बात कहकर अप्रैल में परिवार से 4.14 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद एम्स में भर्ती से संबंधित फर्जी बिल परिवार को भेजा गया।
जब परिजन बच्ची को लेकर एम्स दिल्ली पहुंचे तो अस्पताल के रिकॉर्ड में ऐसा कोई बिल नहीं मिला। परिवार ने करीब एक सप्ताह तक जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। आखिरकार परिजन बच्ची को मुंबई के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां अपने खर्च पर उसका लीवर ट्रांसप्लांट करा रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस
ठगी का पता चलने के बाद Deoria के परिवार ने सलेमपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जौनपुर निवासी हर्षित पाठक के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud Case) का मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फर्जी बिल से जुड़ी जानकारी सामने आई है और एम्स दिल्ली से भी रिकॉर्ड की जानकारी ली जा रही है। पुलिस लखनऊ स्वास्थ्य विभाग से भी आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाएगी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी को पकड़ने की तैयारी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: 12 लाख में हाईकोर्ट, 90 लाख में SDM! आगरा में सरकारी नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप

