Lucknow News: बेखौफ बदमाशों ने 6 मिनट में ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़कर उड़ाए गहने, सुरक्षा पर उठे सवाल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही चोरी और डकैती की वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिसिया गश्त के दावों के बीच बेखौफ शातिर चोरों ने कमता स्थित शंकरपुरी कॉलोनी में एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हनुमान मार्केट में स्थित मां दुर्गा ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़कर घुसे दो चोरों ने महज 6 मिनट के भीतर दुकान से लाखों के जेवरात समेटे और फरार हो गए। सुबह जब दुकान मालिक जितेंद्र कुमार सोनी दुकान पहुंचे, तो टूटा शटर और बिखरा सामान देखकर दंग रह गए।

घड़ी देखकर 6 मिनट में साफ किए काउंटर और शोकेस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चिनहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि पूरी चोरी को बेहद सुनियोजित तरीके से केवल 6 मिनट में अंजाम दिया गया। फुटेज में एक टोपी पहने चोर दुकान में घुसकर तेजी से शोकेस खंगालता दिखा, जिसके बाद एक नकाबपोश साथी बड़ा झोला लेकर अंदर दाखिल हुआ। दोनों ने मिलकर काउंटर और शोकेस में रखे कीमती सामान को बैग में भरा। इस दौरान एक चोर सीधे कैमरे की ओर देखता भी नजर आया।

चांदी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, चोरों ने दुकान से लगभग 200 ग्राम चांदी के आभूषण और आर्टिफिशियल पीली धातु की ज्वेलरी पार की है। दुकान संचालक फिलहाल कुल नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटे हैं। चिनहट पुलिस का कहना है कि पीड़ित व्यापारी से लिखित तहरीर ली जा रही है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों में आक्रोश, चोरों की तलाश तेज

व्यापारिक क्षेत्र में हुई इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कारोबारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में इस तरह की घटना पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोलती है। व्यापारियों ने क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों का दावा है कि फुटेज के आधार पर चोरों के हुलिए की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण पर मायावती ने उठाए सवाल, सरकार को दी नसीहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.