महिला ने देवर समेत 5 ससुरालीजनों पर दर्ज कराया केस, होटल में अधिशासी अभियंता के साथ वीडियो हुआ था वायरल
Banda News: देहरादून के एक होटल में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता के साथ महिला ऑपरेटर के मिलने से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद मामला अब बदल गया है। बांदा की रहने वाली पीड़ित महिला ऑपरेटर का आरोप है कि 10 अगस्त को जब वह देहरादून के होटल में एक परिचित से बात कर रही थी, तभी उसके देवर कृष्ण कुमार यादव ने अपने साथियों के साथ जबरन कमरे में घुसकर उसके साथ छेड़खानी और मारपीट की। महिला का कहना है कि साजिश के तहत वीडियो को एडिट (काट-छांट) कर सोशल मीडिया व मीडिया संस्थानों में वायरल किया गया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है।
स्त्रीधन हड़पने और चरित्र हनन का गंभीर आरोप
पीड़िता का कहना है कि 4 फरवरी 2026 को हमीरपुर निवासी फौजी बलदाऊ यादव से उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास, ननद और देवर 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। महिला ने आरोप लगाया कि देवर पहले भी उसके साथ छेड़खानी करता था और उसकी सास ने उसके जेवरात व स्त्रीधन अपने पास रख लिए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद घर के बाहर अज्ञात लोग अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं, जिससे भयभीत होकर उसने पुलिस से सुरक्षा और सोशल मीडिया से वीडियो हटवाने की गुहार लगाई है।
महिला की तहरीर के आधार पर बांदा के शहर कोतवाली पुलिस ने उसके फौजी पति बलदाऊ यादव, सास, ननद, देवर कृष्ण कुमार यादव और अज्ञात साथियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी, मारपीट, स्त्रीधन गबन, आपराधिक साजिश और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: Bulandshahr News: पत्नी की पिटाई के आरोप में पूर्व विधायक गुड्डू पंडित पर FIR

