आरबीआई ने एलआईसी को आईसीआईसीआई बैंक में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की दी मंजूरी

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सरकारी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को निजी क्षेत्र के प्रमुख आईसीआईसीआई बैंक में 9.99 प्रतिशत तक की शेयर पूंजी या वोटिंग राइट्स हासिल करने की मंजूरी दे दी है। बैंक को यह मंजूरी पत्र 4 सितंबर को प्राप्त हुआ। नियमों के अनुसार, एलआईसी को इस अनुमति मिलने की तारीख से एक वर्ष के भीतर यह हिस्सेदारी खरीदनी होगी, अन्यथा यह मंजूरी स्वतः समाप्त हो जाएगी।

नियामकीय शर्तों के अधीन होगी हिस्सेदारी खरीद

बैंक ने स्पष्ट किया है कि आरबीआई की इस अनुमति का मतलब यह नहीं है कि एलआईसी ने तुरंत अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 9.99 प्रतिशत कर ली है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से वैधानिक प्रावधानों, नियामकीय नियमों और आरबीआई द्वारा निर्धारित अन्य शर्तों के तहत ही पूरी की जाएगी। गौरतलब है कि इससे पिछले महीने ही आरबीआई ने एलआईसी को एचडीएफसी बैंक में भी 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की अनुमति दी थी, जहां 14 अगस्त तक एलआईसी की हिस्सेदारी 4.11 प्रतिशत दर्ज की गई थी।

शुक्रवार को समाप्त हुए कारोबारी सत्र में बीएसई पर एलआईसी के शेयर 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट के साथ 415.25 रुपए पर बंद हुए। इस दौरान इसका 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर 468.30 रुपए और न्यूनतम स्तर 361 रुपए रहा। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 0.14 प्रतिशत की हल्की कमजोरी के साथ 1,423 रुपए पर बंद हुए, जिसका 52-सप्ताह का उच्च स्तर 1,479.90 रुपए और निचला स्तर 1,187.55 रुपए है।

Also Read: NSE IPO को SEBI की मंजूरी, इसी महीने आ सकता है देश का सबसे बड़ा IPO

Get real time updates directly on you device, subscribe now.