ऑपरेशन अशदार में लश्कर का आतंकी यासिर ढेर, IAF काफिले पर हमले का था आरोपी

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के अशदार जंगलों में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त ऑपरेशन अशदार के तहत लश्कर-ए-तैयबा के पाकिस्तानी आतंकी यासिर उर्फ अबु तल्हा को ढेर कर दिया गया। गुरुवार शाम पाखेरपोरा से यूसमर्ग की तरफ आतंकियों की आवाजाही की सटीक जानकारी मिलने पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने इस इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया था। घाटी में करीब दो महीने बाद यह पहली बड़ी मुठभेड़ हुई है।

कई बड़ी आतंकी वारदातों में था शामिल

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, यासिर वर्ष 2022 से घाटी में सक्रिय लश्कर के चार सदस्यीय नेटवर्क का हिस्सा था। वह मई 2024 में पुंछ के सुरनकोट में भारतीय वायुसेना (IAF) के काफिले पर हुए घातक हमले में शामिल था, जिसमें एक जवान शहीद हुए थे। इसके अतिरिक्त, दिसंबर 2023 के डेरा की गली एंबुश और पहलगाम आतंकी हमले की जांच में भी उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था।

चार सदस्यीय ग्रुप का अब एक ही आतंकी बचा

मारे गए आतंकी जुनैद रमजान के मोबाइल से मिली एक तस्वीर के जरिए इस चार सदस्यीय पाकिस्तानी आतंकी ग्रुप का खुलासा हुआ था। इस समूह के सदस्य जुनैद, सुलेमान और अब यासिर मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। अब इस चार सदस्यीय मॉड्यूल का केवल एक सदस्य हाशिम मूसा ही फरार और सक्रिय बचा है, जिसकी तलाश में इलाके में सेना का ऑपरेशन जारी है।

Also Read: आरबीआई ने एलआईसी को आईसीआईसीआई बैंक में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.