पंजाब में कांग्रेस का बड़ा फेरबदल, बघेल की विदाई, अब पायलट संभालेंगे पार्टी की कमान

Congress Reshuffle: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस (Congress) ने राज्य में जारी अंदरूनी कलह के बीच बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। अब तक पंजाब के प्रभारी रहे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) को असम की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

उनकी जगह राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) पंजाब कांग्रेस की कमान संभालेंगे। पार्टी ने केवल पंजाब और असम में ही बदलाव नहीं किया, बल्कि छह राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की है और कई नेताओं को जिम्मेदारियों से मुक्त भी किया गया है।

चन्नी-वाडिंग गुटों की कलह बनी चुनौती

पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress) में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वाडिंग के समर्थकों के बीच लंबे समय से खींचतान चल रही है। Bhupesh Baghel को इसी गुटबाजी को संभालने और नेताओं के बीच समन्वय बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी।

हालांकि, विवाद कम होने के बजाय कई मौकों पर खुलकर सामने आया। वाडिंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर चन्नी खेमे के विरोध के दौरान ‘वाडिंग गो बैक’ और ‘बघेल गो बैक’ जैसे नारे भी लगे थे। समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की तक की स्थिति बनी।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, बघेल पंजाब में अंतर्कलह रोकने और आपसी तालमेल बनाने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सके। इसी के बाद उन्हें पंजाब से हटाने का फैसला लिया गया।

गुजरात में सुरजेवाला को बड़ी जिम्मेदारी

कांग्रेस ने रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Singh Surjewala) को गुजरात का प्रभारी बनाया है। अब तक यह जिम्मेदारी मुकुल वासनिक के पास थी। गुजरात में अगले साल विधानसभा चुनाव (Gujarat Assembly Election) होने हैं और पार्टी इसे बीजेपी के खिलाफ अहम मुकाबले के तौर पर देख रही है।

सुरजेवाला गुजरात के साथ कर्नाटक के प्रभारी महासचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभालेंगे। इसके अलावा सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, डॉ. श्रीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पीवी मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने कुल छह राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की है। कई अन्य नेताओं को संगठन की मौजूदा जिम्मेदारियों से मुक्त भी किया गया है।

Also Read: चीनी-इथेनॉल के नाम पर किसानों के साथ बड़ा अन्याय, पूरे मामले की जांच हो: सुनील सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.