Bareilly News: सोशल मीडिया पर संपर्क कर की दोस्ती, फिर होटल ले जाकर किया दुष्कर्म, 5 लाख न देने पर वीडियो किया वायरल

Bareilly News: बरेली के कोतवाली क्षेत्र की एक विवाहिता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर एक व्यक्ति पर दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, वह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रील्स बनाती थी। इसी दौरान आरोपी ने कमेंट में अपना मोबाइल नंबर भेजकर उससे बातचीत शुरू की। धीरे-धीरे मीठी बातों के झांसे में लेकर वह महिला को शहर के बाहर एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और चोरी-छिपे उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली।

पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 5 लाख रुपये की मांग करने लगा। जब पैसे देने से मना किया गया, तो आरोपी ने पीड़िता के पति और बच्चों को जान से मारने की धमकियां दीं। आरोप है कि गत 4 अगस्त को आरोपी ने महिला की आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दीं, जिससे पीड़िता का परिवार गहरे मानसिक तनाव में है। दूसरी ओर, आरोपी ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि महिला उसकी दोस्त थी और आर्थिक मदद के तौर पर दिए गए पैसे वापस मांगने पर उस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाल आंवला ने बताया कि प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में तथ्य सामने आने के उपरांत दोषी के खिलाफ सुसंगत और गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (मुकदमा) दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: ओमान की खाड़ी में अमेरिका की बड़ी कार्रवाई, ईरानी तेल टैंकर समुद्र में डूबा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.