VIDEO: दलीप ट्रॉफी फाइनल में वैभव सूर्यवंशी-तिलक वर्मा के बीच गरमागरमी, अंपायर को करना पड़ा बीच-बचाव
Sports News: दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल में ईस्ट जोन के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा के बीच मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली।
दोनों खिलाड़ियों के बीच बातचीत और स्लेजिंग से शुरू हुआ मामला कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि अंपायर को हस्तक्षेप कर दोनों को अलग करना पड़ा।
उप-कप्तानी को लेकर शुरू हुई स्लेजिंग
यह घटना ईस्ट जोन की पहली पारी के 11वें ओवर के दौरान हुई। तिलक वर्मा लगातार वैभव सूर्यवंशी से बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने वैभव की उप-कप्तानी को लेकर स्लेज करते हुए कहा, ‘क्या यार, ये वाइस-कैप्टन।’
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत का अंदाज तीखा हो गया। तिलक वैभव की तरफ बढ़े और उनके इशारे को पंच करने की चेतावनी के तौर पर देखा गया।
वैभव भी पीछे नहीं हटे और दोनों आमने-सामने आ गए। स्थिति बिगड़ती देख अंपायर ने तुरंत बीच में आकर दोनों खिलाड़ियों को अलग किया।
हालांकि, दोनों के बीच किसी वास्तविक मुक्केबाजी की पुष्टि नहीं हुई है।
वैभव ने 37 गेंदों में बनाए 44 रन
मैदान पर हुई इस गरमागरमी से पहले वैभव सूर्यवंशी बल्ले से शानदार लय में नजर आए। उन्होंने अभिमन्यु ईश्वरन के साथ मिलकर ईस्ट जोन को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की।
वैभव ने 37 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि, वह अर्धशतक पूरा नहीं कर सके।
तेज गेंदबाज चामा मिलिंद की शॉर्ट पिच गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद उनके बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगी और मिड-विकेट की दिशा में चली गई। डीप स्क्वायर लेग से दौड़ते हुए तनय त्यागराजन ने कैच पकड़ लिया।
सेमीफाइनल में 92 और 40 रन बनाने के बाद वैभव ने फाइनल में भी आक्रामक बल्लेबाजी की। दलीप ट्रॉफी के बाद उनकी नजरें अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज पर होंगी।
सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।
Also Read: PCB ने कब्जे में लिए पाकिस्तानी खिलाड़ियों के फोन, मैच फिक्सिंग की जांच या टीम प्रोटोकॉल?

