लखनऊ में 140 बीघा में फैली 11 अवैध कॉलोनियों पर चला एलडीए का बुलडोजर, 8 निर्माण सील

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी में अवैध निर्माणों और बिना ले-आउट पास कराए बसाई जा रही अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अपना रुख बेहद सख्त कर लिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार से मिले कड़े दिशा-निर्देशों के बाद प्राधिकरण की प्रवर्तन टीमों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ मोर्चा खोलते हुए बड़े स्तर पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया।

किसान पथ और इंदिरा नहर के पास चला बुलडोजर

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह के अनुसार, सबसे बड़ी कार्रवाई बीबीडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बगुलहा और सिकन्दरपुर खुर्द इलाकों में देखने को मिली। यहां किसान पथ और इंदिरा नहर के आसपास के क्षेत्र में भू-माफिया द्वारा बिना ले-आउट स्वीकृत कराए करीब 140 बीघा की विशाल भूमि पर 11 अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थीं। स्थानीय शिकायतों के बाद, एलडीए की टीम भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और पक्के रास्तों, बाउंड्रीवॉल, साइट ऑफिस और अन्य अनधिकृत ढांचागत निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

बीबीडी के तीन गांवों में रो-हाउस भवन सील

इसके साथ ही बीबीडी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के तीन प्रमुख गांवों लौलाई, हासेमऊ और भरवारा में भी प्रवर्तन दस्ते ने कार्रवाई की। यहां मानकों को दरकिनार कर अवैध रूप से बनाए जा रहे रो-हाउस भवनों समेत तीन अलग-अलग निर्माणों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने निर्माणकर्ताओं को सख्त हिदायत दी कि बिना वैध स्वीकृति के भविष्य में कोई कार्य न किया जाए।

पुराने लखनऊ के व्यावसायिक इलाकों में कार्रवाई

दूसरी ओर, पुराने लखनऊ के घने और कारोबारी इलाकों में भी अनधिकृत निर्माणों पर नकेल कसी गई। प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के नेतृत्व में उतरी टीम ने चौक, बाजारखाला, सआदतगंज और दुबग्गा जैसे व्यस्त क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान नियमों और निर्धारित मानकों को ताक पर रखकर बनाए जा रहे कुल 5 व्यावसायिक परिसरों को सील कर दिया गया।

प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना नक्शा पास कराए या स्वीकृत ले-आउट के विपरीत निर्माण करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अनधिकृत कॉलोनियों और अवैध व्यावसायिक व आवासीय निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आने वाले दिनों में भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

Also Read: VIDEO: दलीप ट्रॉफी फाइनल में वैभव सूर्यवंशी-तिलक वर्मा के बीच गरमागरमी, अंपायर को करना पड़ा बीच-बचाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.