चुनावी मोड में बीजेपी, यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने सीएम योगी से की मुलाकात
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने संगठन और चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में यूपी के नवनियुक्त चुनाव प्रभारी और वरिष्ठ बीजेपी नेता विनोद तावड़े ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सीएम आवास पर उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बीजेपी का चुनाव प्रभारी बनाए जाने के बाद विनोद तावड़े शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे थे, जहां वह लगातार पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन कर रहे हैं।
सादगी के साथ पहुंचे पार्टी दफ्तर, होर्डिंग्स पर लगाई रोक
विनोद तावड़े का यह दौरा उनके सादगी भरे अंदाज के लिए भी चर्चा में रहा। शनिवार दोपहर करीब दो बजे वह बिना किसी लाव-लश्कर या वीआईपी ताम-झाम के सीधे पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने अपने दौरे से पहले ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को शहर में बड़ी-बड़ी होर्डिंग्स न लगाने और भव्य स्वागत आयोजनों से दूर रहने की सख्त हिदायत दे दी थी। पार्टी दफ्तर पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, महामंत्री संजय राय और कार्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
सीएम योगी के चेहरे पर लड़ा जाएगा
पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए विनोद तावड़े ने एक बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने साफ शब्दों में स्पष्ट किया कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे और उनके नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। इसके बाद तावड़े ने संगठन की मजबूती का जायजा लेने के लिए प्रदेश महामंत्रियों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में कुल आठ में से सात महामंत्री मौजूद रहे, जिनसे उन्होंने आगामी चुनावों को लेकर जमीनी फीडबैक और संगठनात्मक तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान विनोद तावड़े ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से भी अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों में राज्य सरकार के कामकाज, जनहित से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके जमीनी असर पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं, समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए तावड़े ने अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर तंज कसा। उन्होंने ‘पीडीए’ का नया अर्थ बताते हुए कहा कि विरोधी दल के लिए पीडीए का असली मतलब केवल ‘पराया धन अपना’ करना ही है।
Also Read: लखनऊ में 140 बीघा में फैली 11 अवैध कॉलोनियों पर चला एलडीए का बुलडोजर, 8 निर्माण सील

