सपा नेता ने बिना अनुमति निकली रैली, जाम में फंसी एंबुलेंस, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की कैंपियरगंज विधानसभा क्षेत्र में रविवार को उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब सपा के नेता साधु यादव द्वारा निकाली गई एक राजनीतिक रैली के कारण गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक भीषण जाम लग गया। जंगल कौड़िया टोल प्लाजा के पास रैली में शामिल सैकड़ों गाड़ियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते हाईवे की एक पूरी लेन पूरी तरह ठप हो गई। इस दौरान जाम में दर्जनों गाड़ियों के साथ-साथ एक एंबुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही, जिससे मरीजों और राहगीरों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा।
अनुमति न होने पर भी आगे बढ़ी रैली
जानकारी के अनुसार, सपा नेता साधु यादव की यह प्रस्तावित रैली रविवार को पीपीगंज के भरवल इलाके से शुरू हुई थी। रैली के निकलते ही स्थानीय पुलिस ने बिना प्रशासनिक अनुमति का हवाला देते हुए इसे रोकने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ताओं और समर्थकों के भारी हुजूम के आगे पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद आधा दर्जन ट्रैक्टर, सैकड़ों मोटरसाइकिलों और दर्जनों कारों का काफिला पीपीगंज होते हुए जैसे ही जंगल कौड़िया पहुंचा, वहां वाहनों की संख्या और बढ़ गई। देखते ही देखते टोल प्लाजा के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह चक्काजाम हो गया।
पुलिस ने बल प्रयोग कर खुलवाया जाम
हाईवे पर स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पीपीगंज, कैंपियरगंज और चिलुआताल समेत कई थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात बहाल कराने के लिए कड़ा रुख अपनाते हुए भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया, तब जाकर धीरे-धीरे वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव, सपा नेता सुरेंद्र यादव और साधु यादव ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और पैदल रैली निकालने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सपा नेताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस और नोकझोंक होती रही।
एसडीएम ने कहा- होगी कार्रवाई
बिना किसी पूर्व अनुमति के निकाली गई इस रैली के कारण लगे जाम में सैकड़ों लोग देर तक बिलखते रहे। गाड़ियों की लंबी कतारों की वजह से पीछे हटने का भी रास्ता बंद हो गया था, जिससे परेशान राहगीर पूरी व्यवस्था को कोसते नजर आए। कैंपियरगंज के एसडीएम आलोक रंजन सिंह ने स्पष्ट किया कि इस रैली के लिए प्रशासन से कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर हाईवे बाधित करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के हुई पेशी, एक दिन की न्यायिक हिरासत भेजा गया स्वतंत्र भारद्वाज

