Varanasi News: 24×7 काम नहीं कर सकता, सिपाही ने वॉट्सऐप ग्रुप में डाला इस्तीफा, अधिकारियों के समझाने पर लिया वापस
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी कमिश्नरेट के रामनगर थाने से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय आरक्षी ने थाने के आधिकारिक वॉट्सऐप ग्रुप में अपना इस्तीफा पोस्ट कर दिया। सिपाही ने अपने पत्र में साफ शब्दों में कहा कि वह 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन काम करने में असमर्थ है। हालांकि, कुछ ही देर में वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे समझाया और उसने अपना इस्तीफा वापस लेते हुए माफी मांग ली, लेकिन तब तक यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका था।
ट्रॉमा सेंटर में मरीज की सुरक्षा में लगी थी ड्यूटी
रामनगर थाना अध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि आरक्षी देवगन चौहान सोमवार रात को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक मरीज की सुरक्षा पर तैनात थे। इसी ड्यूटी के दौरान मानसिक रूप से आहत होकर उसने पुलिस कमिश्नर के नाम एक लिखित पत्र तैयार किया और उसे थाने के वॉट्सऐप ग्रुप में डाल दिया। इस ग्रुप में थाना प्रभारी के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, जिससे पत्र वहां पहुंचते ही सनसनी फैल गई।
मैं 24×7 काम करने में सक्षम नहीं
सिपाही देवगन चौहान ने अपने इस्तीफे में लिखा- मेरे अंदर विशिष्ट मानवों जैसी शक्तियां नहीं हैं। मैं 24×7 प्रत्येक दिन काम करने के लिए सक्षम नहीं हूं। इसलिए मैं स्वेच्छा से कार्यमुक्त होना चाहता हूं। यह पत्र जैसे ही ग्रुप में आया, अधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया। ग्रुप के किसी सदस्य ने इस पत्र को स्क्रीनशॉट कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
सिपाही ने मांगी माफी
पत्र वायरल होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत सिपाही को बुलाया और उससे पूरी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उसे समझाया कि अगर किसी भी तरह की कोई व्यक्तिगत या पेशेवर समस्या है तो उसे खुलकर बताया जाए, उसका समाधान किया जाएगा। सिपाही ने बताया कि वह मानसिक तनाव के चलते इस कदम को उठा बैठा था। अधिकारियों के समझाने पर उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और तुरंत अपने इस्तीफे को ग्रुप से हटा दिया। फिलहाल पुलिस विभाग ने इस मामले को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौती के रूप में देखते हुए सिपाही की समस्या को गंभीरता से लिया है।
Also Read: ‘चौकीदार चोर’ वाले केस में राहुल गांधी को राहत नहीं, हाईकोर्ट ने ठुकराई याचिका

