लखनऊ को जल्द मिलेगा पहला बायो-डायवर्सिटी पार्क, 15 अक्टूबर तक पूरा होगा काम
Lucknow News: लखनऊ में शहर का पहला गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क जल्द आम लोगों के लिए खोला जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी निर्माण कार्य 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पार्क तैयार होने के बाद नागरिकों के साथ युवाओं को भी जैव-विविधता को करीब से समझने का मौका मिलेगा।
यह पार्क गोमतीनगर में दयाल पैराडाइज चौराहे के पास सहारा ग्रुप से वापस ली गई 25 एकड़ ग्रीन बेल्ट की जमीन पर बनाया जा रहा है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे पार्क में बटरफ्लाई गार्डेन, इंसेक्ट पॉलिनेशन गार्डेन, नेचर ट्रेल, पाथ-वे, बच्चों के लिए प्ले एरिया और वॉटर बॉडी बनाई जा रही है। इसके अलावा वॉच टावर, पार्किंग, एंट्री गेट, बाउंड्रीवॉल और कार्यालय भी तैयार हो रहे हैं। जगह-जगह गजीबो और बेंच भी लगाई जाएंगी।
देसी और प्रवासी पक्षियों को मिलेगा ठिकाना
पार्क को देसी और प्रवासी पक्षियों के प्राकृतिक आवास के तौर पर विकसित किया जा रहा है। गोमती नदी के बेसिन में मिलने वाले और विलुप्ति के कगार पर पहुंच चुके पौधों की प्रजातियों को यहां संरक्षित किया जा रहा है। इससे ईको-टूरिज्म और शिक्षा, दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
आईजीपी और होटल प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण
प्रथमेश कुमार ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 150 लोगों की क्षमता वाले मीटिंग हॉल को 30 सितंबर तक तैयार करने को कहा। सैटर्न ब्लॉक के 600 क्षमता वाले मैरिज हॉल को 25 अक्टूबर तक शुरू करने की समयसीमा तय की गई। बजट होटल में भी काम तेज करने के निर्देश दिए गए।
विभूति खंड स्थित हिलटन गार्डेन के नए ब्लॉक का भी निरीक्षण हुआ। यहां पार्किंग, फायर एग्जिट, सेटबैक और एसटीपी की जांच की गई। होटल प्रबंधन से एसटीपी संचालन और अग्निशमन एनओसी प्रस्तुत करने को कहा गया।
Also Read: यूपीएससीआर का बेस मैप पास, 6 जिलों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी, अब रीजनल प्लान की तैयारी

