बैंक कर्मियों की 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल, कामकाज ठप

Sandesh Wahak Digital Desk: हफ्ते में 5 दिन काम (5-Day Work Week) की व्यवस्था लागू करने समेत अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने शुक्रवार को देशव्यापी हड़ताल की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (UFBU) के बैनर तले बुलाई गई इस हड़ताल के कारण देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। यूएफबीयू में सात प्रमुख बैंकिंग यूनियनें शामिल हैं, जो सरकारी बैंकों के लगभग 90% कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करती हैं। हालांकि, इस हड़ताल से निजी क्षेत्र के बैंकों के कामकाज पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।

हड़ताल के चलते कई सरकारी बैंकों की शाखाएं या तो पूरी तरह से बंद रहीं या वहां केवल सीमित काम ही हो सका। इस दौरान शाखाओं में नकद जमा व निकासी, चेक क्लीयरेंस और अन्य प्रशासनिक कार्य ठप रहे। राहत की बात यह रही कि बैंक हड़ताल का असर ऑनलाइन और डिजिटल बैंकिंग पर नहीं पड़ा। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और यूपीआई (UPI) सेवाएं सामान्य दिनों की तरह सुचारू रूप से चलती रहीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई प्रमुख बैंकों ने अपने ग्राहकों के लिए पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी थी।

बैंक ऑफ बड़ौदा: बैंक ने सूचित किया कि 11 सितंबर को हड़ताल के कारण शाखा स्तर पर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, बैंक ने जरूरी सेवाएं बहाल रखने का आश्वासन दिया और ग्राहकों को परेशानी से बचने के लिए मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने का परामर्श दिया।

पंजाब नेशनल बैंक (PNB): पीएनबी ने ग्राहकों को जानकारी दी कि हड़ताल के कारण उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद बैंकिंग व्यवस्था को बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। बैंक ने यूजर्स से अपील की कि वे अपनी जरूरतों के लिए PNB One ऐप, यूपीआई और इंटरनेट बैंकिंग का सहारा लें।

Also Read: बारिश से खराब सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाएं, बरसात के बाद नवीनीकरण भी हो: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.