नागपुर में SBI शाखा में 4 लाख की लूट, कर्मचारी की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंककर फरार हुआ आरोपी
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के नागपुर शहर में दिनदहाड़े एक बैंक से फिल्मी अंदाज में लाखों की डकैती का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सक्करदरा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में एक व्यक्ति ने बैंक कर्मचारी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंककर 4 लाख रुपये कैश लूट लिए। हालांकि, वारदात के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज आधे घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली।
नागपुर के सक्करदरा इलाके में स्थित एसबीआई बैंक में जब सामान्य दिनों की तरह कामकाज चल रहा था, तभी एक व्यक्ति साधारण ग्राहक की तरह अंदर दाखिल हुआ। वह सीधे कैश काउंटर के पास पहुंचा और जेब से मिर्च पाउडर निकालकर अचानक कर्मचारी की आंखों में झोंक दिया।
अचानक हुए इस हमले से बैंक में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों की बेबसी का फायदा उठाकर आरोपी ने तुरंत काउंटर से 4 लाख रुपये समेटे और भाग खड़ा हुआ। बैंक गार्ड व अन्य कर्मचारियों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर चकमा देने में सफल रहा।
लुटेरा आया, बैंककर्मियों पर लाल मिर्च का पाउडर फेंका और 4.53 लाख रुपए लूटकर फरार हो गया.
घटना महाराष्ट्र के नागपुर के SBI बैंक की है. pic.twitter.com/CwwMQdouR9— Priya singh (@priyarajputlive) September 11, 2026
पुलिस की मुस्तैदी से 30 मिनट में पकड़ा गया लुटेरा
घटना की सूचना मिलते ही सक्करदरा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। सीसीटीवी से आरोपी के हुलिए और उसके भागने के रास्ते की पहचान की गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर गश्ती टीमों को अलर्ट किया और महज 30 मिनट के भीतर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 4 लाख रुपये सुरक्षित बरामद हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपी से सख्त पूछताछ कर लूट के पीछे की वजह का पता लगा रही है।

