मायावती ने बसपा को 3 सेक्टरों में बांटा, बाढ़ व सूखा पीड़ितों की मदद के दिए निर्देश
Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (BSP) को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सर्वसमाज के बीच जनाधार बढ़ाने के मकसद से पार्टी प्रमुख मायावती ने एक बड़ा सांगठनिक पुनर्गठन किया है। उन्होंने रविवार सुबह सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि अब पूरे देश में बीएसपी संगठन को तीन प्रमुख सेक्टर्स में विभाजित कर काम किया जाएगा।
सेक्टर 1 (10 राज्य): इसकी जिम्मेदारी बीएसपी सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव को केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के रूप में सौंपी गई है।
सेक्टर 2 (9 राज्य): पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतरसिंह राव को इस सेक्टर के प्रभार का जिम्मा मिला है।
सेक्टर 3 (यूपी और उत्तराखंड): इस अहम सेक्टर की देखरेख सीधे लखनऊ स्थित पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय (9 मॉल एवेन्यू) से की जाएगी। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भी इन राज्यों में भेजा जा सकता है।
1.जैसाकि यह विदित है कि पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न भागो में भारी वर्षा व आँधी, तूफान आदि के कारण जनता काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे कुदरती विकट हालात में सम्बन्धित सभी राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर पूरी-पूरी मदद करनी चाहिये। बी.एस.पी. की यह मांग है।…
— Mayawati (@Mayawati) September 27, 2026
आपदा पीड़ितों और किसानों के लिए मदद की अपील
बीएसपी सुप्रीमो ने सेक्टर-1 और सेक्टर-2 के प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में बाढ़ की मार झेल रहे लोगों तक हर संभव सहायता पहुंचाएं। वह खुद भी स्थितियों पर नजर रख रही हैं।
इसके साथ ही, मायावती ने महाराष्ट्र में सूखे की समस्या से जूझ रहे किसानों का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार से कागजी औपचारिकताएं छोड़कर जमीनी स्तर पर राहत देने की मांग की। उन्होंने केंद्र सरकार से भी आग्रह किया कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित राज्यों को समय पर भरपूर वित्तीय और प्रशासनिक मदद मुहैया कराई जाए।
Also Read: दक्षिण अफ्रीका के बार में अंधाधुंध फायरिंग, 17 लोगों की मौत, 15 घायल

