Meerut News: दहेज में कार न मिलने पर चावल में जहर देने का आरोप, नवविवाहिता की मौत, पति समेत 5 गिरफ्तार

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में 25 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के मामले में ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका काजल भावनपुर थाना क्षेत्र के छोटा हसनपुर गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी 22 फरवरी को गंगानगर थाना क्षेत्र के कसेरू बक्सर निवासी अक्षय कुमार से हुई थी।

काजल के मायके वालों का आरोप है कि शादी में बाइक और अन्य सामान देने के बावजूद ससुराल वाले कार की मांग कर रहे थे। इसे लेकर काजल के साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।

चावल में जहर देने का आरोप

परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम काजल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे एप्सानोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात करीब साढ़े सात बजे अक्षय ने फोन कर काजल की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। 

अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने काजल से बात की। उनका दावा है कि होश में आने पर उसने चावल में जहर मिलाकर खिलाने की बात बताई। इलाज के दौरान रात करीब साढ़े 12 बजे काजल की मौत हो गई।

पति समेत पांच गिरफ्तार

काजल के पिता अनीश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अक्षय कुमार, सास राजकुमारी देवी, देवर सागर कुमार, ननद मीनू कुमारी और ससुर राजकुमार के खिलाफ दहेज हत्या समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने पांचों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सदर देहात सुधीर कुमार के मुताबिक आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.