UP में अब खुली मिठाइयों पर भी लिखनी होगी ‘Use By Date’, त्योहारों से पहले FSDA का आदेश

UP Sweets Use By Date Rule: त्योहारों से पहले उत्तर प्रदेश में मिठाई खरीदने वालों के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। यूपी फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FSDA) ने राज्य में बिकने वाली खुली मिठाइयों पर साफ और दिखाई देने वाली ‘Use By Date’ लिखना अनिवार्य कर दिया है। यह नया नियम 15 अक्टूबर 2026 से लागू होगा।

खाद्य विभाग (Food Department) के अधिकारियों के मुताबिक, मिठाई बनाने वाली यूनिट्स और दुकानों की जांच के दौरान सामने आया कि ग्राहकों को अक्सर यह जानकारी नहीं मिलती थी कि मिठाई कब तैयार की गई है और उसे कितने समय तक खाना सुरक्षित है। इसी को देखते हुए विभाग ने यह व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है।

 

मिठाइयों की शेल्फ लाइफ अलग-अलग

FSDA कमिश्नर डॉ. रोशन जैकब के आदेश के मुताबिक, मिठाई की Shelf Life उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उसके प्रकार पर निर्भर करती है। अलग-अलग मिठाइयां एक दिन से लेकर 30 दिन तक खाने योग्य रह सकती हैं।

अब दुकानदारों और संबंधित कारोबारियों को मिठाई पर ऐसी जगह ‘Use By Date’ दर्ज करनी होगी, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सके। विभाग का कहना है कि इससे खरीदारी से पहले ग्राहक को मिठाई की ताजगी और उसकी शेल्फ लाइफ की जानकारी मिल सकेगी।

पैक्ड मिठाइयों (Packed Sweets) पर पहले से ही मौजूदा नियमों के तहत एक्सपायरी या ‘Use By Date’ की जानकारी देना जरूरी है। नया निर्देश खास तौर पर खुली मिठाइयों को लेकर महत्वपूर्ण है।

दूध यूनिट्स में दो केमिकल्स पर रोक

FSDA ने दूध और दूध से बने उत्पादों की प्रोसेसिंग यूनिट्स में एथिलीन ग्लाइकॉल और डाइएथिलीन ग्लाइकॉल के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी है।

विभाग के अनुसार, कुछ यूनिट्स पाश्चराइजेशन और रेफ्रिजरेशन प्रक्रिया के दौरान कूलेंट के तौर पर इनका इस्तेमाल कर रही थीं। उपकरण में लीकेज होने पर इनके दूध में मिल जाने का खतरा हो सकता है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

इसके विकल्प के तौर पर यूनिट्स को प्रोपलीन ग्लाइकॉल इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। FSDA के मुताबिक, इन कदमों का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मजबूत करना और ग्राहकों को खाद्य उत्पादों से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना है।

Also Read: Lucknow News: IAS की नौकरी छोड़ने के बाद दिव्या मित्तल का नया ऐलान, 29 सितंबर को बताएंगी अगला कदम, चर्चा में X पोस्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.