UP में बारिश का कहर थमा, 4 दिन में 81 मौतें, 2,254 मकान क्षतिग्रस्त, अब बढ़ेगा तापमान
UP Rain Havoc 2026: उत्तर प्रदेश में चार दिन से जारी भारी बारिश का दौर रविवार को कमजोर पड़ गया। लगातार बारिश, आंधी और जलभराव के बीच मकान-दीवार और पेड़ गिरने समेत अलग-अलग हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक 25 से 27 सितंबर के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में 81 लोगों की मौत हुई और 62 लोग घायल हुए। इस दौरान 2,254 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
रविवार तक प्रदेश के 75 में से 56 जिलों में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गई। 48 घंटे में प्रदेश में औसतन 66.5 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य औसत 7.6 मिमी है। यानी बारिश सामान्य से करीब 775 फीसदी अधिक रही। फर्रुखाबाद (Farrukhabad) में सामान्य से 7,385 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई, जो सबसे ज्यादा रही।
कई जिलों में भारी नुकसान
बारिश से सबसे ज्यादा मौतें सीतापुर में दर्ज हुईं, जहां सात लोगों की जान गई। लखीमपुर खीरी, बहराइच और बलरामपुर में पांच-पांच, जबकि अयोध्या, महाराजगंज और गोरखपुर में चार-चार मौतें हुईं। अलग-अलग जिलों में मकान गिरने, पेड़ गिरने और अन्य बारिश जनित हादसों से जनहानि हुई।
मकानों के नुकसान के मामले में हरदोई सबसे आगे रहा, जहां 272 मकान क्षतिग्रस्त हुए। सीतापुर में 108, चंदौली में 75, औरैया में 60, गोंडा में 54 और हमीरपुर में 51 मकानों को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा बारिश से 154 पशुओं की मौत भी दर्ज की गई है। फसल नुकसान का आकलन अभी जारी है।
अब कमजोर पड़ेगा मौसम तंत्र
राहत आयुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने प्रभावित जिलों के अधिकारियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से संपर्क कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र अब कमजोर पड़ रहा है। सोमवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मंगलवार तक पूर्वी और पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश के आसार हैं। इसके बाद मौसम साफ होने के साथ अधिकतम तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
Also Read: नेपाल के पानी से सरयू बनी काल, नदी में समाए मंदिर-मस्जिद और दर्जनों घर, बाढ़ से टूटा रिकॉर्ड

