Prayagraj News: अंतरराज्यीय कोडीन सिरप तस्करी का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार-करोड़ों का माल बरामद
STF ने 19,338 शीशी कोडीन कफ सिरप और 61,600 जेनेरिक टैबलेट बरामद कीं, करीब एक करोड़ रुपये बताई गई कीमत
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध कोडीन कफ सिरप की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 19,338 शीशी ONEREX ब्रांड कोडीन कफ सिरप, 61,600 जेनेरिक दवाओं की टैबलेट समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
बरामद नशीली दवाओं की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है।
भारत गैस के पास दबिश देकर तीनों को पकड़ा
एसटीएफ के अनुसार, 27 सितंबर की रात करीब 11 बजे एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में भारत गैस के पास कटहुला गौसपुर स्थित एक मकान पर टीम ने छापेमारी की।
इस दौरान अवैध कोडीन कफ सिरप और अन्य दवाओं का भंडारण मिलने पर मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशुतोष तिवारी उर्फ प्रवेश तिवारी, निवासी अयोध्या और हाल पता धूमनगंज प्रयागराज, अंकुश कुमार और अमित प्रजापति, दोनों निवासी धूमनगंज प्रयागराज के रूप में हुई है।
एसटीएफ ने मौके से एक टाटा नेक्सन कार (UP 70 GS 8425), 95 सफेद खाली बोरियां, दो टूल किट/डाई ग्राइंडर और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
दिल्ली से यूपी तक सप्लाई का दावा
एसटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से कोडीन युक्त कफ सिरप मंगाकर उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सप्लाई करता था।
गिरोह के सदस्य कथित तौर पर दवाओं की बोतलों पर लिखे बैच नंबर को ग्राइंडर से मिटाकर सप्लायर की पहचान छिपाने का प्रयास करते थे।
जांच में NOVOTRIX LIFESCIENCES नाम की फर्म के जरिए फर्जी कागजी बिल्टी तैयार कर दवाएं मंगाने की जानकारी भी सामने आने का एसटीएफ ने दावा किया है।
इसके बाद दवाओं को प्रयागराज में किराये के मकान में स्टोर कर स्थानीय बाजार और दूसरे जिलों में सप्लाई किया जाता था।
एसटीएफ के मुताबिक, गिरोह के एक अन्य सदस्य की भी पहचान हुई है और उसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्रयागराज के एयरपोर्ट थाने में NDPS एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: आजमगढ़ में पत्नी ने पति के प्राइवेट पार्ट पर डाला तेजाब, दो साल पहले ही हुई थी लव मैरिज

