मलिहाबाद में दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप, तीन भाइयों पर FIR
Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र में एक दलित युवती की शिकायत पर पुलिस ने युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। युवती ने शहनवाज पर जबरन उसकी मांग में सिंदूर भरने, फोटो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शहनवाज के अलावा उसके भाई सिराज और शाहरुख को भी मामले में आरोपी बनाया है।
स्कूल जाते समय पीछा करने का आरोप
युवती ने 22 सितंबर को मलिहाबाद थाने में शिकायत दी थी। उसके मुताबिक, वह वर्ष 2020-21 में 17 साल की उम्र में कक्षा 11 में पढ़ती थी। आरोप है कि स्कूल आने-जाने के दौरान शहनवाज उसका पीछा करता था।
युवती का आरोप है कि 1 जनवरी 2021 को घर के बाहर टहलते समय शहनवाज ने जबरन उसकी मांग में सिंदूर भरकर फोटो खींच ली। विरोध करने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी। इसके करीब एक सप्ताह बाद आरोपी ने उसे ब्लैकमेल कर कई बार शारीरिक संबंध बनाए और जातिसूचक गालियां दीं।
धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि शहनवाज ने उससे जबरन कलमा पढ़वाया और इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया। युवती के मुताबिक, विरोध करने पर उसके भाइयों सिराज और शाहरुख ने घर पहुंचकर जातिसूचक गालियां दीं और मौलाना बुलाकर धर्म परिवर्तन कराने की बात कही।
आरोप है कि उसे धर्म परिवर्तन नहीं करने पर जान देने या परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई। मामले की शिकायत पहले की गई थी, जिसके बाद संदेश वाहक ने खबर प्रकाशित की थी। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मलिहाबाद पुलिस ने अब शहनवाज पर दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन, दलित उत्पीड़न और POCSO Act समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उसके दोनों भाइयों पर भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
Also Read: गोरखपुर में दरोगा-वकील की मारपीट का वायरल वीडियो निकला फर्जी, 2 हिरासत में

