Lucknow News: 10 दिन से लापता पति, पत्नी का आरोप- पुलिस नहीं दर्ज कर रही रिपोर्ट, ACP से लगाई न्याय की गुहार

Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में एक व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। उसकी पत्नी का आरोप है कि वह पिछले 10 दिनों से पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने अनहोनी की आशंका जताते हुए ACP मलिहाबाद से शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।

बख्शी का तालाब के सैरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली रोशनी ने शिकायत में बताया कि उसका पति अमित 18 सितंबर को मलिहाबाद के मधवापुर गांव निवासी अपने मामा चंदीलाल के घर आया था। अगले दिन 19 सितंबर को वह मामा और मधवापुर की एक महिला के साथ गढ़ी संजर खां में एक रिश्तेदार की मौत में शामिल होने गया था।

रोशनी के मुताबिक, 19 सितंबर की देर शाम उसकी अमित से फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और संपर्क नहीं हो सका।

भाई और पत्नी ने दी थाने में तहरीर

अमित के मामा से जानकारी लेने पर भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद अमित के भाई करन ने 21 सितंबर को मलिहाबाद थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। कार्रवाई नहीं होने पर रोशनी ने 26 सितंबर को दोबारा शिकायत दी। इसके बावजूद कार्रवाई न होने पर उसने 29 सितंबर को ACP मलिहाबाद से न्याय की गुहार लगाई।

पत्नी ने प्रेमिका और भाई पर लगाया आरोप

रोशनी ने आरोप लगाया कि उसके पति का मधवापुर निवासी एक महिला से प्रेम प्रसंग था। महिला का मायका गढ़ी संजर खां में है। पत्नी का दावा है कि 19 सितंबर की रात अमित अपनी कथित प्रेमिका के मायके में उसके घर रुका था।

रोशनी ने आशंका जताई है कि उक्त महिला ने अपने भाई राजू के साथ मिलकर अमित को लापता किया हो सकता है। उसने दोनों से पति को किसी तरह का नुकसान पहुंचाए जाने की भी आशंका जताई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.