जम्मू-कश्मीर के बडगाम में आतंकियों से मुठभेड़, लश्कर का मोस्ट वांटेड आतंकी एनकाउंटर में ढेर
Budgam Encounter: मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग के ऊंचाई वाले जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (Lashkar-e-Taiba) का वांछित कमांडर मारा गया। सेना के चिनार कोर ने आतंकी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन अधिकारियों ने उसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ ‘मूसा’ के तौर पर की है।
सेना के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने यूसमर्ग के कोराग इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। तलाशी के दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। सुरक्षाबलों ने संदिग्ध आतंकियों को चुनौती दी तो उनकी ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई। इसके बाद मुठभेड़ शुरू हुई, जिसमें एक आतंकी मारा गया।
दूधपथरी के जंगल में मारा गया मूसा
अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान सुलेमान शाह उर्फ मूसा दूधपथरी के दूरदराज जंगल क्षेत्र में मारा गया। वह पिछले कई वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था और पीर पंजाल के दोनों ओर हुई कई आतंकी वारदातों में वांछित बताया गया था।
मूसा (Musa) इससे पहले इसी महीने यूसमर्ग के ऊंचे इलाकों में हुई एक मुठभेड़ से बच निकला था। उस कार्रवाई में उसका करीबी सहयोगी यासिर 5 सितंबर को मारा गया था। उस समय भी सुरक्षा एजेंसियां मूसा की तलाश में जुटी थीं।
फिलहाल सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। आसपास के इलाकों में तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई अन्य आतंकी छिपा न हो। सेना ने कहा है कि ऑपरेशन के दौरान आगे की जानकारी सामने आने पर उसे साझा किया जाएगा।
Also Read: J-K: कठुआ में CISF कैंप के अंदर जवान ने साथियों पर बरसाईं गोलियां, 4 की मौत, जांच के आदेश

