UP की राजनीति में उतरे CBI के पूर्व डायरेक्टर, बनाई खुद की पार्टी, 403 सीटों पर लड़ने का ऐलान
M Nageswara Rao Sarvajan Sanatan Party: उत्तर प्रदेश की सियासत में नई राजनीतिक पार्टी की एंट्री हुई है। पूर्व CBI निदेशक एम. नागेश्वर राव ने वाराणसी में सर्वजन सनातन पार्टी (Sarvajan Sanatan Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर सक्रिय राजनीति में कदम रखा है। पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें अध्यक्ष चुना है।
करीब चार दशक तक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और प्रशासन के क्षेत्र में काम कर चुके नागेश्वर राव ने कहा कि राजनीति में आना उनके सार्वजनिक जीवन की नई जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से देखने के बाद अब अपने अनुभव का इस्तेमाल देश और समाज के व्यापक हित में करना चाहते हैं।
UP की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
नागेश्वर राव (M Nageswara Rao) ने कहा कि सर्वजन सनातन पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी की प्राथमिकताओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सभ्यतागत जुड़ाव को प्रमुख स्थान दिया गया है। उनका कहना है कि सभी को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा-स्वास्थ्य उपलब्ध कराने के साथ युवाओं, किसानों, मजदूरों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए अवसर बढ़ाना पार्टी के एजेंडे का हिस्सा होगा।
सनातन को लेकर क्या बोले नागेश्वर राव?
नागेश्वर राव ने कहा कि ‘सत्य सनातन, नित्य नूतन’ सिर्फ नारा नहीं, बल्कि पार्टी की सोच की नींव है। उनके मुताबिक सनातन केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि सत्य, धर्म, कर्तव्य, न्याय, करुणा, आत्मसंयम और जनकल्याण पर आधारित जीवन-दृष्टि है।
उन्होंने कहा कि भारत को आधुनिकता, विज्ञान, तकनीक और आर्थिक विकास के साथ आगे बढ़ना चाहिए, लेकिन अपनी सभ्यतागत और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव भी बनाए रखना जरूरी है। उनका कहना है कि उद्देश्य अतीत में लौटना नहीं, बल्कि अपनी विरासत की नींव पर भविष्य का भारत बनाना है।
M Nageswara Rao ने काशी को अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत के लिए चुना और इसे भारत की सभ्यतागत निरंतरता का प्रतीक बताया।
Also Read: देवरिया में आधी रात एनकाउंटर, RSS कार्यकर्ता की हत्या का आरोपी दीपक तिवारी गिरफ्तार

