UP में मरीजों से खुलेआम लूट, 74 रुपये की खरीद वाली दवाई का MRP 4,980, FSDA ने पकड़ा खेल

Lucknow: उत्तर प्रदेश में निजी अस्पतालों की फार्मेसियों में दवाओं की खरीद कीमत और मरीजों से वसूली जाने वाली MRP के बीच भारी अंतर सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की जांच में एक दवा ऐसी मिली, जिसे फार्मेसी ने 74.09 रुपये में खरीदा, जबकि उसकी MRP 4,980.94 रुपये थी। यानी MRP खरीद कीमत से करीब 67 गुना ज्यादा थी।

UPFSDA की टीमों ने मेडिकल कॉलेजों और निजी अस्पतालों की फार्मेसियों में जांच के दौरान 214 फार्मेसियों से जुड़े 130 दवाओं के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इसमें 36 दवाओं की MRP फार्मेसी की खरीद कीमत से 10 गुने से अधिक मिली।

74 रुपये की दवा की MRP करीब 5 हजार

गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण में इस्तेमाल होने वाले Polymyxin-B Injection (GUFIPOL 500,000 Unit) की खरीद कीमत 74.09 रुपये दर्ज की गई, जबकि MRP 4,980.94 रुपये थी। इसी दवा के GUFIPOL 5 Lac पैक की खरीद कीमत 90 रुपये और MRP 4,528.10 रुपये मिली, यानी करीब 50 गुना का अंतर।

लिवर की गंभीर बीमारी से जुड़ी स्थितियों में इस्तेमाल होने वाले Terlipressin Injection (Terlitech 10 ml) की खरीद कीमत 56 रुपये, जबकि MRP 3,050 रुपये दर्ज की गई। दूसरे ब्रांड TERONIM 10 ML में भी 56 रुपये की खरीद कीमत के मुकाबले MRP 2,600 रुपये मिली।

मेडिकल डिवाइस में भी बड़ा अंतर

जांच में अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले मेडिकल डिवाइसेज की कीमतों में भी भारी अंतर सामने आया। एक 3-way stop cock की खरीद कीमत 6.40 रुपये थी, जबकि MRP 163 रुपये दर्ज की गई। दूसरे मेडिकल डिवाइस की खरीद कीमत 20.95 रुपये और MRP 500 रुपये मिली।

Meropenem 1 gm के अलग-अलग ब्रांड में MRP और खरीद कीमत का अनुपात करीब 5.31 से 9.98 गुना तक मिला। वहीं Caspofungin 70 mg के एक ब्रांड की खरीद कीमत करीब 800 रुपये बताई गई, जबकि MRP 21,230 रुपये दर्ज हुई, यानी करीब 26.5 गुना का अंतर।

जांच में कैंसर और जीवनरक्षक दवाओं में भी खरीद कीमत और MRP के बीच हजारों रुपये का अंतर सामने आया है। FSDA की जांच से अस्पताल फार्मेसियों में दवाओं की कीमतों को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हुआ है।

Also Read: एवरेस्ट जीरा पाउडर पर FSSAI का एक्शन, दो टेस्ट में फेल, क्रिएटिव बेकर्स का लाइसेंस भी सस्पेंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.