कानपुर में पत्नी से विवाद के बाद सरकारी डॉक्टर ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत
Kanpur News: कानपुर में पत्नी से कहासुनी के बाद कानपुर देहात में तैनात सरकारी डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने रिवॉल्वर कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान लाल बंगला के परदेवनपुरवा निवासी राज बहादुर सिंह के 38 वर्षीय बेटे डॉक्टर संदीप सिंह के रूप में हुई है। संदीप कानपुर देहात में तैनात थे। वह निराला नगर के ब्लासम अपार्टमेंट में पत्नी कंचन और छह महीने के बेटे के साथ रहते थे।
करीब पांच साल पहले संदीप का पहली पत्नी से तलाक हो गया था। इसके बाद उन्होंने कासगंज की रहने वाली कंचन से लव मैरिज की थी। पहली पत्नी से उनकी पांच साल की एक बेटी भी है। संदीप के पिता राज बहादुर के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा था।
रात करीब 2 बजे कमरे में खुद को मारी गोली
बताया गया कि रविवार देर रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद करीब दो बजे संदीप कमरे में गए और लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर पत्नी कंचन ने शोर मचाया। इसके बाद अपार्टमेंट के लोग उन्हें तुरंत सर्वोदय नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कार्यवाहक थाना प्रभारी नीरज द्विवेदी ने बताया कि डॉक्टर ने सीने में गोली मारकर आत्महत्या की है। प्रथमदृष्टया परिवार कलह के चलते आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
बदायूं में पति की मौत के 15 दिन बाद पत्नी ने दी जान
आत्महत्या से जुड़ा एक दूसरा मामला बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर पिपरी गांव से सामने आया है। यहां रिंकू की पत्नी प्रवेश ने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रवेश के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर फंदा लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इससे करीब 15 दिन पहले प्रवेश के पति रिंकू ने अपनी ससुराल फुलासी गांव में जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने पर उसका विसरा सुरक्षित किया गया था।
उस समय रिंकू के परिजनों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया था कि पत्नी को विदा न करने को लेकर उसे शराब में जहर दिया गया। अब प्रवेश की मौत के बाद पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Also Read: दिल्ली दंगों के हेट स्पीच केस में 15 याचिकाएं खारिज, FIR और SIT जांच की मांग हाईकोर्ट ने ठुकराई

