लखनऊ में चल रही थी हेरोइन बनाने की फैक्ट्री, 50 करोड़ की ड्रग्स बरामद, 4 गिरफ्तार
Lucknow News: लखनऊ के जानकीपुरम में चल रही कथित अवैध हेरोइन बनाने की फैक्ट्री का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ की टीम ने 4 अक्टूबर को सीता कॉलोनी में छापा मारा। पुलिस ने मौके से 6.275 किलो तैयार हेरोइन, केमिकल और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूरे नेटवर्क से कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई गई है।
फैक्ट्री से 2.504 किलो सोडियम, 787 ग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, मिक्सर ग्राइंडर, गैस सिलेंडर, वजन करने की मशीन और अन्य बर्तन भी मिले हैं। मौके से पुलिस ने बबलू (35) को गिरफ्तार किया।
दिल्ली से शुरू हुई जांच, बरेली तक पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई की शुरुआत 16 सितंबर को दिल्ली के बेगमपुर से हुई थी। स्पेशल स्टाफ ने ग्रैंड विटारा कार से ड्रग्स की डिलीवरी देने पहुंचे लक्ष्मण हुड्डा (58) को पकड़ा था। उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन और 3 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
लक्ष्मण से पूछताछ के बाद 17 सितंबर को सोनीपत से अनिल उर्फ भोला (51) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से महिंद्रा XUV-700 और 501 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस के अनुसार, अनिल के खिलाफ पहले से 12 मामले दर्ज हैं। वह पैरोल जंप करने के बाद भगोड़ा घोषित था।
लखनऊ में बबलू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और फैक्ट्री मालिक के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने करीब 120 किलोमीटर तक पीछा कर 4 अक्टूबर को बरेली से रुक्सार अली उर्फ राजू को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, रुक्सार के खिलाफ NDPS एक्ट के तीन मामले और बबलू के खिलाफ एक मामला दर्ज है। वहीं लक्ष्मण के खिलाफ हत्या का एक मामला बताया गया है।
पैसों के लेन-देन और पूरे नेटवर्क की जांच
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप गोदारा और एसीपी अजमेर सिंह की निगरानी में की गई। पुलिस अब ड्रग्स के इस नेटवर्क से जुड़े पैसों के लेन-देन, कच्चे माल की सप्लाई और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 3 बजे दिल्ली पुलिस के चार जवान इलाके में पहुंचे थे। करीब एक घंटे तक कार्रवाई के बाद पुलिस कुछ लोगों को सामान के साथ अपने साथ ले गई। बाद में स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। दिल्ली पुलिस मकान पर ताला लगाकर गई थी।
लोगों ने बताया कि यहां एक व्यक्ति नियमित रूप से रहता था और उसके साथ एक महिला भी आती-जाती थी। इसके अलावा चार-पांच अन्य लोगों का भी आना-जाना था। स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके पास स्कॉर्पियो और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियां थीं। इन वाहनों में पुलिस की कैप भी दिखाई देती थी। इन दावों की भी पुलिस जांच कर रही है।
Also Read: यूपी BJP में राज्यसभा टिकटों पर बड़ा उलटफेर, हरदीप पुरी-बीएल वर्मा रेस से बाहर, धर्मपाल सिंह को मौका

