लखनऊ के मलिहाबाद में बाढ़ के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 131 मरीजों की जांच और मुफ्त दवाएं
Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में बेहता नदी का जलस्तर घटने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया। एसडीएम के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार की ओर से आयोजित शिविर में लोगों की जांच की गई और उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं।
मलिहाबाद नगर पंचायत के शीतलन टोला, झंडातला समेत कई मोहल्ले बेहता नदी की बाढ़ की चपेट में आ गए थे। सोमवार को नदी का जलस्तर कम होने के बाद इलाकों में गंदगी और जलभराव की स्थिति बनी रही। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका को देखते हुए एसडीएम ने स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिए।
131 मरीजों की हुई जांच
डॉ. शालिनी वर्मा की देखरेख में लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में कुल 131 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 58 महिलाएं, 31 बच्चे और 42 पुरुष शामिल रहे।
शिविर में बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, त्वचा संबंधी बीमारी, पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बारिश के मौसम में होने वाली अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज पहुंचे। जांच के बाद सभी को निशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
साफ-सफाई और पानी को लेकर जागरूक किया
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को बाढ़ के बाद साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी। ग्रामीणों को जलजनित बीमारियों से बचाव के तरीके भी बताए गए।
इसके साथ ही पानी को साफ रखने के लिए क्लोरीन की गोलियां और ब्लीचिंग पाउडर के इस्तेमाल तथा प्रभावित इलाकों में साफ-सफाई रखने की जानकारी दी गई। शिविर में स्टाफ नर्स शालिनी पॉल, एएनएम रिचा पटेल, आशा संगिनी रूबी और पैरामेडिकल स्टाफ समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट :- सुरेन्द्र कुमार
Also Read: गोरखपुर सपा विवाद में पुलिस का एक्शन, अंशुमान सिंह और बेटों की तलाश में जुटीं 5 टीमें

