मौत के बाद भी इलाज का आरोप, लखनऊ के टेंडर पाम अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा

Lucknow News: लखनऊ के गोमती नगर स्थित टेंडर पाम अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिवार ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही और मौत की जानकारी समय पर नहीं देने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि इलाज के दौरान उन्हें मरीज से मिलने नहीं दिया गया।

परिवार के मुताबिक काफी कोशिश के बाद एक बच्ची मरीज तक पहुंची। इसके बाद उन्हें मरीज की मौत की जानकारी हुई। परिजनों का आरोप है कि मरीज की मौत हो जाने के बाद भी अस्पताल में इलाज की प्रक्रिया जारी रखी गई और उन्हें समय पर इसकी जानकारी नहीं दी गई। मृतक की पहचान परेहटा, गोसाईगंज निवासी सगीर मोहम्मद के रूप में हुई है।

सुबह अस्पताल पहुंचे तो शरीर ठंडा पड़ा था

परिजनों ने बताया कि सगीर मोहम्मद को रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे अस्पताल लाया गया था। परिवार के लोग सोमवार सुबह करीब 7 बजे अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि उस समय मरीज के शरीर में कोई हलचल नहीं थी और शरीर ठंडा पड़ चुका था। साथ ही कोई दवा भी नहीं चढ़ रही थी।

परिजनों के अनुसार, इसी दौरान अस्पताल के स्टाफ ने उनसे पहले 2.5 लाख रुपये, फिर 2 लाख रुपये और आखिर में 1.5 लाख रुपये जमा करने को कहा। परिवार ने सवाल उठाया कि अगर मरीज की मौत हो चुकी थी तो इलाज के नाम पर पैसे क्यों जमा कराए जा रहे थे।

परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने सुबह 10:28 बजे लिखित रूप से मौत की पुष्टि की। परिवार का दावा है कि वे सुबह करीब 7 बजे से अस्पताल में मौजूद थे और उस समय तक मरीज की मौत हो चुकी थी।

सवाल करने पर मारपीट का भी आरोप

मौत को लेकर सवाल करने और विरोध जताने पर परिजनों ने अस्पताल में उनके साथ अभद्रता और मारपीट का भी आरोप लगाया। इसके बाद अस्पताल परिसर में विवाद की स्थिति बन गई।

परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है। उन्होंने मरीज के इलाज और मौत से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। साथ ही कथित मारपीट की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मरीज की मौत और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Also Read: लखनऊ के मलिहाबाद में बाढ़ के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 131 मरीजों की जांच और मुफ्त दवाएं 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.