राहुल-प्रियंका हिरासत में लिए गए, आकाशवाणी भवन के बाहर हाई-वोल्टेज हंगामा, कई नेता भी डिटेन
Rahul Gandhi Priyanka Gandhi Detained: SIR (Special Intensive Revision) और चुनाव आयोग के खिलाफ मंगलवार को दिल्ली में INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च ने उस समय बड़ा रूप ले लिया, जब पुलिस ने विपक्षी नेताओं को निर्वाचन सदन तक पहुंचने से रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेता आकाशवाणी भवन (Akashvani Bhawan) परिसर में धरने पर बैठ गए। करीब नौ घंटे बाद पुलिस ने राहुल गांधी और अन्य प्रदर्शनकारी नेताओं को हिरासत में ले लिया।
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ केसी वेणुगोपाल, दीपेंद्र हुड्डा, चरणजीत सिंह चन्नी और पवन खेड़ा समेत कई कांग्रेस नेता धरने में शामिल रहे। इससे पहले राहुल गांधी ने बैरिकेड पर चढ़कर तिरंगा भी लहराया। पुलिस ने मार्च को रोकने के लिए आकाशवाणी भवन और निर्वाचन सदन के आसपास भारी बैरिकेडिंग की थी।
Rahul Gandhi ने कहा कि 300 से ज्यादा विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते हैं और चुनाव आयोग को उनसे मिलना ही पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की आवाज का अपमान किया जा रहा है और विपक्ष सिर्फ चुनाव आयोग से मिलकर अपने सवाल रखना चाहता है।
EC ने कहा, बैठक का कोई अनुरोध नहीं मिला
वहीं चुनाव आयोग (Election Commission) के सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस या किसी अन्य विपक्षी दल की ओर से आयोग के साथ बैठक के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है। राहुल गांधी और अन्य नेता आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की मांग कर रहे थे।
आकाशवाणी भवन के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबल तैनात रहे। NSUI और इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में पहुंचे, जिनमें कई को हिरासत में लिया गया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और तृणमूल कांग्रेस के नेताओं समेत कई विपक्षी सांसदों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
अखिलेश यादव ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग की और चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाए। INDIA ब्लॉक का यह प्रदर्शन SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्ष के लगातार विरोध का हिस्सा है।
Also Read: वायुसेना के नए प्रमुख बने एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित, 3,500 घंटे उड़ान का है अनुभव

