लखनऊ विश्वविद्यालय में सपा छात्र सभा का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मंगलवार को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय में समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।
ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप
प्रदर्शन कर रहे प्रेम प्रकाश ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करोड़ों वोटों की चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में मदद की गई है।
प्रेम प्रकाश ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इशारे पर पूरा चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगे।
वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरा
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कई बार इसके साक्ष्य भी दिए, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई संज्ञान नहीं लिया। अब एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की मिलीभगत से ही भाजपा सत्ता में आ रही है। उन्होंने कहा कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने के लिए सड़क पर उतरे हैं।
इस्तीफा नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनके नेता अखिलेश यादव को हिरासत में लिया गया है। इसके विरोध में अब वे जेल भरो आंदोलन चलाएंगे। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता, वे शांत नहीं बैठेंगे।
Also Read: यूपी एजुकेटर कैटलिस्ट प्रोग्राम की शुरुआत, प्रदेश के 52 हजार से अधिक शिक्षक होंगे एआई-रेडी

