लखनऊ में बाढ़ से बिगड़े हालात, रिवरफ्रंट-बैकुंठ धाम डूबा, घरों में ताला लगाकर पलायन कर रहे लोग
Lucknow Flood: लखनऊ में गोमती नदी (Gomti River) का जलस्तर लगातार 9वें दिन बढ़ रहा है। बाढ़ का पानी अब शहर के प्रमुख धार्मिक, पर्यटन और खेल स्थलों तक पहुंच गया है। गोमती रिवरफ्रंट (Riverfront) पूरी तरह जलमग्न हो चुका है, जबकि बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार के लिए बने कई चबूतरे पानी में डूब गए हैं।
बाढ़ से 3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। फैजुल्लागंज सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में है। कई परिवार घरों में ताला लगाकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं। हनुमंत धाम मंदिर परिसर में भी पानी भर गया है, जबकि शनिदेव मंदिर के गर्भगृह तक पानी पहुंच चुका है। कई मंदिरों के कपाट बंद कर दिए गए हैं।
बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार के लिए सिर्फ एक चबूतरा बचा
गोमती का पानी बढ़ने से बैकुंठ धाम (Baikunth Dham) में हालात बेहद मुश्किल हो गए हैं। शव रखने वाले कई चबूतरे डूब चुके हैं और अंतिम संस्कार में परेशानी हो रही है। पूजा कराने वाले शनि ने बताया कि जहां एक साथ 15 से 20 शवों का अंतिम संस्कार होता था, वह पूरा इलाका पानी में डूब गया है।
उन्होंने बताया कि अब सिर्फ एक चबूतरा बचा है। ज्यादातर लकड़ियां भी भीग चुकी हैं। शनि के मुताबिक अगर पानी इसी तरह बढ़ता रहा तो अंतिम संस्कार के लिए सड़क का सहारा लेना पड़ सकता है।
स्पोर्ट्स अकादमी और रिवरफ्रंट भी डूबे
ला मार्टिनियर के पास स्थित सेज स्पोर्ट्स अकादमी (Sage Sports Academy) के क्रिकेट मैदान में भी पानी भर गया है। अकादमी बंद कर दी गई है और खिलाड़ियों का अभ्यास रोक दिया गया है। पानी निकालने के लिए तीन पंपिंग सेट लगाए गए हैं। मैदान और क्रिकेट पिच को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
Lucknow में आई बाढ़ (Flood) की वजह से गोमती रिवरफ्रंट के दोनों तरफ के पाथ-वे पूरी तरह डूब गए हैं। पानी सीढ़ियों तक पहुंच चुका है, जिसके चलते रिवरफ्रंट के सभी रास्ते बंद कर लोगों की एंट्री रोक दी गई है। लगातार बढ़ते जलस्तर से आने वाले दिनों में भी स्थिति सामान्य होने को लेकर चिंता बनी हुई है।
Also Read: लखनऊ में ग्राइंडर ऐप से युवक को बुलाकर बनाया बंधक, 10 हजार कराए ट्रांसफर

