Bareilly News: पुलिस से मुठभेड़ में इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, साथी समेत गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली जिले के थाना फरीदपुर क्षेत्र में पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच बीसलपुर रोड स्थित साठा पुलिया के पास मुठभेड़ हो गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर जब पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान कासिम खां पुत्र गुल खां, निवासी मेवा शर्फापुर (थाना फरीदपुर, बरेली) के रूप में हुई है।
गैंगस्टर एक्ट में वांछित था घायल आरोपी
घायल अभियुक्त कासिम खां के खिलाफ बीते 22 अगस्त 2026 को थाना फरीदपुर में मुकदमा संख्या 629/26 धारा 2/3(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया गया था, जिसमें वह वांछित चल रहा था। मुठभेड़ के तुरंत बाद पुलिस ने घायल अभियुक्त को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। अभियुक्त की सुरक्षा और निगरानी के लिए अस्पताल में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
भारी मात्रा में असलहे व मोटरसाइकिल बरामद
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कासिम के दूसरे साथी जाहिद अली खां पुत्र जान मोहम्मद (निवासी मेवा शर्फापुर, फरीदपुर) को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना स्थल की बारीकी से जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को सूचित कर दिया गया है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

