Shamli News: पेंट फैक्ट्री का बॉयलर फटने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल
Shamli News: आदर्श मंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुजफ्फरनगर रोड पर स्थित एक पेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह काम के दौरान अचानक बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर दो मजदूर बुरी तरह झुलस और घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया है।
तेज धमाके से सहमे कर्मचारी, दो मजदूर चपेट में आए
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री में रूटीन पेंट निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीनरी के हिस्से में अचानक भयानक विस्फोट हुआ। धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। दुर्घटना में छुटमलपुर निवासी समद और शामली के रहने वाले मिथिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ समद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर किया गया। सुभारती अस्पताल के डॉक्टर कृष्णा मूर्ति के अनुसार, शामली से लाए गए मरीज समद की हालत काफी चिंताजनक बनी हुई है और उसका आईसीयू में इलाज जारी है।
विस्फोट के तुरंत बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने काम रोककर मुख्य गेट बंद कर दिया। सूचना मिलते ही आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना के बाद बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मौके पर पहुँचे पत्रकारों को कवरेज करने से रोकने का भी प्रयास किया गया, हालांकि पुलिस प्रशासन की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि मशीन के पुर्जों की समय पर सर्विसिंग और मेंटेनेंस न होने के कारण यह हादसा हुआ। यह फैक्ट्री शामली के तालाब रोड निवासी पंकज जैन की बताई जा रही है। पुलिस फिलहाल फैक्ट्री के सुरक्षा मानकों, एनओसी और उपकरणों की तकनीकी स्थिति की बारीकी से पड़ताल कर रही है।
लापरवाही मिलने पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई: पुलिस
आदर्श मंडी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। विस्फोट के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच में यदि सुरक्षा मानकों में अनदेखी या फैक्ट्री मालिक की लापरवाही सामने आती है, तो नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: प्रेमानंद आश्रम के बाहर प्रदर्शन से नाराज ट्रस्ट, पुलिस बल तैनात करने के लिए प्रशासन को भेजा पत्र

