बरेली में टीबी मुक्त भारत अभियान-जोश टीम का आगाज, कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण
Bareilly News: राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बरेली जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान-जोश टीम का विधिवत शुभारंभ किया गया। नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का कलेक्ट्रेट सभागार में लाइव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारियों की कमान में एनसीसी कैडेट और वालंटियर
जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी ब्लॉक और शहरी क्षेत्रों में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। अभियान को धरातल पर उतारने के लिए प्रत्येक नोडल अधिकारी के साथ 5 एनसीसी कैडेट और 5 ‘माई भारत वालंटियर’ को जोड़ा गया है। इस तरह हर क्षेत्र में एक समर्पित ‘जोश टीम’ का गठन किया गया है, जो टीबी रोगियों की पहचान और जन-जागरूकता फैलाने का काम करेगी।
15 ब्लॉक और 20 अर्बन क्षेत्रों में जिम्मेदारी तय
जिले के 15 विकास खंडों और 20 शहरी क्षेत्रों के लिए विशेष प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। ब्लॉक स्तर पर खंड विकास अधिकारी (BDO), सदर क्षेत्र में अपर नगर आयुक्त, जबकि नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारियों (EO) को नोडल अफसर की जिम्मेदारी दी गई है। यह अधिकारी टीबी से जुड़े कार्यक्रमों का सीधा पर्यवेक्षण करेंगे।

ग्राम पंचायत और वार्डों को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य
गठित ‘जोश टीम’ के सदस्य गांव-गांव और वार्डों में जाकर टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। इनका मुख्य फोकस संभावित मरीजों की समय पर जांच, सही इलाज सुनिश्चित कराने और केंद्र सरकार के तय मानकों के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत व वार्ड को पूरी तरह टीबी मुक्त घोषित करने पर रहेगा। नई दिल्ली से प्रसारित मुख्य समारोह के समापन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अफसरों और कर्मचारियों ने एक सुर में टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की शपथ ली।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Shamli News: पेंट फैक्ट्री का बॉयलर फटने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल

