UP में गंदे किचन पर FSDA का एक्शन, 73 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित, 152 को नोटिस

UP FSDA Food Safety Action: उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने खाने-पीने के प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है। किचन में गंदगी, खराब खाद्य सामग्री और साफ-सफाई के नियमों में लापरवाही मिलने पर 73 प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, 152 प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किए गए हैं।

17 सितंबर से शुरू हुए अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 253 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इसमें फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट, स्टार होटल के रेस्टोरेंट और बेकरी शामिल रहे।

किचन में गंदगी, खराब सामग्री और कीड़े मिले

जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खराब खाद्य सामग्री रखी मिली। कई जगह चूहे और कॉकरोच जैसे कीड़े-मकौड़ों की मौजूदगी के संकेत मिले। किचन और स्टोरेज एरिया में गंदगी, नालियों की खराब सफाई और कीटों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए।

इसके अलावा भोजन बनाने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के उचित भंडारण और जरूरी खाद्य सुरक्षा दस्तावेजों में भी कमियां मिलीं। गंभीर खामियों पर FSDA ने लाइसेंस निलंबित किए गए, जबकि सुधार योग्य कमियों वाले प्रतिष्ठानों को नोटिस दिया गया।

यह अभियान लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद, नोएडा, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मुरादाबाद और बरेली समेत कई जिलों में चलाया गया।

फूड लाइसेंस में नहीं लिख सकेंगे ‘हुक्का बार’

FSDA ने स्पष्ट किया है कि हुक्का बार खाद्य कारोबार की श्रेणी में नहीं आता। इसलिए खाद्य लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन में ‘हुक्का बार’ जैसे शब्द दर्ज नहीं किए जा सकेंगे। जिन कारोबारियों के लाइसेंस में यह उल्लेख है, उन्हें जरूरी संशोधन कराना होगा।

ऑनलाइन फूड की जानकारी देना जरूरी

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बेचे जाने वाले फ्रोजन, पहले से पकाए गए या आंशिक रूप से पके खाद्य पदार्थों के बारे में भी ग्राहकों को स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहक को पता हो कि वह किस तरह का खाद्य उत्पाद खरीद रहा है।

56 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस बहाल

बीकानेरवाला, चंपारण मीट, क्लब जलवा, रेबेल फूड्स, टुडे कबाबी, रमाडा होटल और ला पिनोज पिज्जा समेत 56 प्रतिष्ठानों ने कमियां दूर कर सुधार के प्रमाण दिए। दोबारा जांच में स्थिति संतोषजनक मिलने पर इन्हें फिर से संचालन की अनुमति दी गई। इनसे भविष्य में खाद्य गुणवत्ता, सफाई और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करने का लिखित आश्वासन भी लिया गया।

Also Read: UP में मेडिकल किट खरीद में बड़ा खेल, एक की जगह 100 गुना ऑर्डर, सप्लाई चेन GM बर्खास्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.