SIR के खिलाफ आज फिर सड़क पर उतरेगा INDIA Bloc, राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारी

INDIA Alliance Protest Against SIR: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध में INDIA गठबंधन शुक्रवार को दिल्ली में फिर प्रदर्शन की तैयारी में है। विपक्षी सांसद संसद भवन से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालना चाहते हैं। उनकी योजना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी शिकायतें रखने और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग करने की है।

राहुल गांधी ने विपक्षी नेताओं से किया संपर्क

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने विपक्षी एकजुटता मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee), समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav), राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) समेत कई नेताओं से फोन पर बात की। उन्होंने इन नेताओं से दिल्ली पहुंचने का आग्रह किया।

ममता बनर्जी ने भी कोलकाता से दिल्ली रवाना होने से पहले बताया कि उन्हें वोट चोरी के मुद्दे पर चर्चा और विरोध के लिए राजधानी बुलाया गया है।

दोपहर 3 बजे होगी अहम बैठक

INDIA Alliance Protest Against SIR: विपक्षी सांसद शुक्रवार दोपहर 3 बजे संसद के सेंट्रल हॉल में बैठक करेंगे। इसमें आगे की रणनीति तय होने के बाद राष्ट्रपति भवन तक मार्च की योजना है। हालांकि, राष्ट्रपति भवन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को मुलाकात का समय मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के मुताबिक, विपक्ष ने 2 अक्टूबर को राष्ट्रपति से मिलने का अनुरोध भेजा था। इसके बाद मांगी गई नेताओं की सूची 5 अक्टूबर को भेजते हुए 7, 8 या 9 अक्टूबर को मुलाकात का समय मांगा गया, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला है।

विपक्षी नेताओं का कहना है कि मुलाकात का समय नहीं मिलने पर आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है। प्रदर्शन के संभावित विकल्पों में सेवा तीर्थ, उपराष्ट्रपति आवास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास के बाहर विरोध शामिल है।

Also Read: वोट चोरी के आरोपों को 42 पूर्व जजों ने बताया लोकतंत्र के लिए खतरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.