लखनऊ में बाढ़ के पानी ने बढ़ाया हादसों का खतरा, गड्ढे में ऑटो गिरने से युवक की आवाज गई
Lucknow Flood: लखनऊ में बाढ़ का पानी अब लोगों के लिए जानलेवा मुसीबत बनता जा रहा है। सड़कों पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे और हादसों का खतरा बढ़ गया है। बुधवार रात करीब 8 बजे फीनिक्स पलासियो मॉल (Phoenix Palassio Mall) के सामने ऐसा ही हादसा हुआ। पानी में छिपे गड्ढे में ऑटो का अगला पहिया जाने से उसमें बैठे राजकुमार की गर्दन ड्राइवर के पीछे लगी रॉड से टकरा गई। वह बेहोश हो गए और उनकी आवाज चली गई।
राजकुमार अपनी पत्नी कांति और एक अन्य युवती के साथ ऑटो में सवार थे। तीनों गोमतीनगर में दिहाड़ी मजदूरी करके लौट रहे थे। हादसे के बाद कांति घबरा गईं और लोगों से पति को अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाने लगीं। काफी देर तक पानी डालने के बाद राजकुमार को होश आया, लेकिन वह बोल नहीं पा रहे थे। करीब 45 मिनट बाद उन्हें दूसरे ऑटो से अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे के करीब 12 घंटे बाद गुरुवार सुबह 8 बजे के बाद राजकुमार की आवाज कुछ हद तक लौटने लगी, लेकिन बोलने में परेशानी बनी हुई थी। उनकी गर्दन में भी तेज दर्द था।
फैजुल्लागंज में गर्दन तक पानी, नावों से पहुंच रही मदद
लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ (Lucknow Flood) के हालात गंभीर हैं। कई सड़कों पर पानी लोगों की गर्दन तक पहुंच गया है। जिस 60 फीटा रोड पर पहले वाहन चलते थे, वहां अब नावों से आवाजाही हो रही है। प्रशासन के मुताबिक, इलाके में 40 से ज्यादा नावें लगाई गई हैं, लेकिन करीब 40 हजार परिवारों की मदद के लिए ये नाकाफी साबित हो रही हैं। लोग खुद जुगाड़ की नाव बनाकर बुजुर्गों और बीमार परिजनों को निकाल रहे हैं।
गोमतीनगर विस्तार में पानी इकाना स्टेडियम तक पहुंच गया है, जबकि फीनिक्स पलासियो मॉल के सामने करीब डेढ़ से दो फीट पानी जमा है। स्थानीय लोगों ने भी जलभराव (Waterlogging) पर चिंता जताते हुए पानी निकालने और जल्द राहत देने की मांग की है।
Also Read: लखनऊ के मलिहाबाद में भैंस को बचाने नाले में उतरा युवक डूबा, रस्सी छूटी तो तेज बहाव में बहा

