Bareilly News: भोजीपुरा पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ 2 शातिर वाहन चोरों को दबोचा
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के जनपद बरेली की भोजीपुरा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की स्पलेंडर प्लस बाइक के साथ दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों से लॉक तोड़कर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और उन्हें कम दामों पर बेचकर अपने शौक पूरे करते थे।
भैरपुरा बाजार से चोरी हुई थी स्पलेंडर बाइक
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को देवरनिया के ग्राम चठिया निवासी महेश कुमार ने भैरपुरा बाजार से अपनी स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना भोजीपुरा में मु.अ.सं. 807/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया था।
घटना के त्वरित अनावरण के लिए थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह के निर्देशन में उप-निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, उप-निरीक्षक तनवेश कुमार, कांस्टेबल इरशाद, नवीन कुमार और रिक्रूट कांस्टेबल पारस जैन की टीम गठित की गई। गश्त के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्पलेंडर प्लस बाइक (UP 25 CF 3954) बरामद हुई, जिसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष (22 वर्ष) पुत्र बबलू, मूल निवासी ग्राम खमरिया गोपाढानी, थाना देवरनिया (बरेली) और गोपाल (21 वर्ष) पुत्र दिल्लीधर, मूल निवासी ग्राम कलारा, थाना भोजीपुरा (बरेली), हाल पता: किच्छा, जनपद उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है। वे अपने शौक पूरे करने के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों और सड़कों के किनारे खड़ी बाइक का लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे। 6 अक्टूबर को भैरपुरा बाजार से चोरी की गई इस बाइक को वे राहगीरों को कम दाम में बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पत्नी और प्रेमी ने पति की हत्या कर हादसा दिखाने की कोशिश की, दोनों को उम्रकैद

