लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी-बेटी का गला घोंटकर की हत्या, पुलिस को फोन कर बोला- मैंने मर्डर कर दिया
Lucknow News: कृष्णानगर में शुक्रवार तड़के वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने डायल-112 पर फोन किया और थाने पहुंच गया। पुलिस को घर में पत्नी और बेटी के शव अलग-अलग मंजिलों पर मिले। शुरुआती जांच में बेटी के किसी युवक से बात करने को लेकर घर में विवाद की बात सामने आई है।
तार से गला घोंटकर हत्या, अलग-अलग मंजिलों पर मिले शव
लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में एक होमगार्ड ने अपनी पत्नी और बेटी की हत्या कर दी। आरोपी की पहचान भोला खेड़ा निवासी रविंद्र शंकर गुप्ता (56) के रूप में हुई है। शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे उसने सोते समय तार से दोनों का गला घोंट दिया। वारदात के बाद उसने पुलिस को फोन करके कहा, “मैंने मर्डर कर दिया है।” इसके बाद वह थाने भी पहुंच गया।
पुलिस आरोपी को लेकर घर पहुंची तो ग्राउंड फ्लोर पर बेटी पूजा साहू (32) और फर्स्ट फ्लोर पर पत्नी श्याम दुलारी (50) का शव मिला। दोनों के गले पर निशान थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
डीसीपी मोहम्मद मुस्ताक ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बेटी किसी युवक से बात करती थी। इस बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की लखनऊ में ही तैनाती थी, लेकिन वह पिछले आठ दिन से ड्यूटी पर नहीं गया था।
पहली शादी से बेटी, दूसरी शादी भी टूटी; पिता के घर रह रही थी पूजा
रविंद्र शंकर गुप्ता के परिवार में पत्नी, तीन बेटियां, बेटा-बहू और नाती-नातिन हैं। बड़ी बेटी पूजा साहू की शादी 2017 में हुई थी। पहले पति से तलाक के बाद उसने 2022 में दूसरी शादी की। दूसरे पति से भी तलाक होने के बाद वह अपने पिता के घर रहने लगी थी। पहली शादी से उसकी एक बेटी काव्या है, जो उसके साथ रहती थी।
परिवार की मझली बेटी रूबी गुजरात में अपने पति के साथ रहती है। छोटी बेटी प्रिया की शादी नहीं हुई है। बेटा विनय उर्फ सूर्य प्रकाश करीब एक साल से अपनी पत्नी और तीन साल के बेटे के साथ पारा इलाके में रह रहा है।
गुरुवार शाम रविंद्र ने दावत के लिए बेटे, बहू और नाती को घर बुलाया था। तीनों ने खाना खाया और रात में ही अपने घर लौट गए। इसके बाद तड़के करीब 3 बजे आरोपी ने पहले पत्नी और फिर बेटी की हत्या कर दी। दोनों के शव बिस्तर पर पड़े थे।
सुबह बेटी और बेटे को दी जानकारी, फिर पुलिस को बुलाया
जिस समय वारदात हुई, छोटी बेटी प्रिया अपनी बहन की बेटी काव्या के साथ दूसरे कमरे में थी। इसलिए उसे घटना का पता नहीं चला। हत्या के बाद सुबह करीब साढ़े चार बजे रविंद्र ने गुजरात में रह रही मझली बेटी रूबी को फोन कर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद बेटे को भी बताया। फिर डायल-112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंच गया।
घटना की जानकारी मिलने पर बेटा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ घर पहुंचा। इसके बाद छोटी बेटी को भी हत्या का पता चला। कुछ देर बाद पुलिस आरोपी को लेकर मौके पर पहुंच गई। रूबी भी गुजरात से फ्लाइट लेकर लखनऊ पहुंच गई।
इंस्पेक्टर प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 में रविंद्र की पत्नी गहने लेकर घर से चली गई थी। रविंद्र ने उस समय गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पत्नी रिश्तेदार के घर से बरामद हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Also Read: बसपा में आकाश आनंद की औपचारिक वापसी, मायावती बोलीं- परिवारवाद से मुक्त रहेगी पार्टी

