लखनऊ में शराब पार्टी के दौरान युवक की हत्या, ईंट और रॉड से सिर पर किए वार
Lucknow News: लखनऊ में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसके दोस्त ने ईंट और लोहे की रॉड से उसके सिर पर कई वार किए। शुक्रवार सुबह युवक कमरे के बाहर घायल हालत में मिला। पुलिस उसे लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं।
मृतक की पहचान हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के भोटा गांव निवासी सुखपाल (28) के रूप में हुई है। वह पेंटर का काम करता था और पिछले करीब 10 साल से लखनऊ के कनौसी में रह रहा था। वह गोलू पाल के प्लांट परिसर में बने कमरे में किराये पर रहता था।
शराब पार्टी में विवाद, ईंट और रॉड से हमला
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, सुखपाल अपने दोस्त राजेश रावत उर्फ काली के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि राजेश ने ईंट और लोहे की रॉड से सुखपाल के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
शुक्रवार को फोन पर सूचना मिली कि सुखपाल कमरे के बाहर घायल अवस्था में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एम्बुलेंस से लोकबंधु अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी साउथ, एडीसीपी साउथ और एसीपी कृष्णानगर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए लोकबंधु अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी राजेश रावत उर्फ काली की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
भाई ने कहा, तीन दिन पहले गांव से लखनऊ आया था सुखपाल
सुखपाल के भाई सालिकराम ने बताया कि मकान मालिक गोलू पाल ने सुबह फोन कर उन्हें भाई की मौत की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया कि आपके भाई सुखपाल की मृत्यु हो गई है, आप लोग यहां आ जाइए।”
सालिकराम के मुताबिक, सुखपाल तीन दिन पहले ही गांव से लखनऊ आया था। उन्होंने कहा कि उन्हें घटना के बारे में पूरी जानकारी नहीं है और वह मौके पर पहुंचकर पुलिस को शिकायत देंगे।
Also Read: लखनऊ में होमगार्ड ने पत्नी-बेटी का गला घोंटकर की हत्या, पुलिस को फोन कर बोला- मैंने मर्डर कर दिया

