UP राज्यसभा चुनाव में बिना वोटिंग ही फैसला, BJP के 8 और सपा के 2 प्रत्याशियों की जीत
UP Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया बिना मतदान के पूरी हो गई। सभी 10 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। इनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आठ और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के दो प्रत्याशी शामिल हैं। नामांकन पत्रों की जांच में दो निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज होने के बाद मुकाबले की स्थिति नहीं बनी।
नाम वापसी की अंतिम तारीख तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया। इस तरह 10 सीटों के लिए 10 वैध उम्मीदवार ही मैदान में बचे। निर्वाचन अधिकारी ने सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के 10 सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा था, जिसके चलते यह चुनाव प्रक्रिया आयोजित की गई।
बीजेपी के आठ निर्वाचित उम्मीदवार
बीजेपी ने इस चुनाव (UP Rajya Sabha Election 2026) में आठ उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी ने जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया। निर्विरोध निर्वाचित बीजेपी उम्मीदवारों के नाम हैं:
- धर्मपाल सिंह, लोध समुदाय और प्रदेश सरकार में मंत्री
- प्रकाश पाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष
- श्रुति गंगवार, कुर्मी समुदाय
- विद्यासागर सोनकर, दलित समुदाय
- प्रियंका रावत, दलित समुदाय
- राधाकांत ओझा, ब्राह्मण समुदाय
- गोपी कृष्ण पांडेय, ब्राह्मण समुदाय
- राम प्रताप सिंह चौहान, ठाकुर समुदाय
बीजेपी के आठ उम्मीदवारों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पार्टी के इस चयन को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) की तैयारियों और सामाजिक समीकरणों से जोड़कर देखा जा रहा है।
सपा के दोनों उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित
समाजवादी पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को उम्मीदवार बनाया गया था। दोनों निर्विरोध निर्वाचित हुए। नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े कॉरपोरेट क्षेत्र के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं।
निर्वाचित होने पर धनराज नथवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav), पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और विधायकों का आभार जताया। नथवानी ने लिखा कि पार्टी नेतृत्व और विधायकों ने उन पर भरोसा जताया, जिसके लिए वह धन्यवाद देते हैं।
Also Read: बसपा में आकाश आनंद की औपचारिक वापसी, मायावती बोलीं- परिवारवाद से मुक्त रहेगी पार्टी

