विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार दूसरे सप्ताह बड़ी गिरावट, 12.95 अरब डॉलर घटकर 734.60 अरब डॉलर पर आया

Indian Forex Reserve News : भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट का सिलसिला जारी है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 2 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 12.952 अरब डॉलर घटकर 734.606 अरब डॉलर रह गया।

इससे पहले 25 सितंबर को समाप्त सप्ताह में भी इसमें 18.343 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। लगातार दो सप्ताह की गिरावट के बाद विदेशी मुद्रा भंडार अपने हालिया रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आ गया है।

रिकॉर्ड स्तर से कितना नीचे आया विदेशी मुद्रा भंडार?

RBI के आंकड़ों के अनुसार, 4 सितंबर को समाप्त सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। उस दौरान प्रवासी भारतीयों (NRI) की जमा राशि के लिए शुरू की गई विशेष रियायती स्वैप योजना के जरिए बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा जुटाई गई थी। इस योजना के तहत बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई थी।

हालिया गिरावट के बाद विदेशी मुद्रा भंडार 734.606 अरब डॉलर पर आ गया है। विदेशी मुद्रा भंडार किसी देश की आर्थिक स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसका इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर आयात भुगतान और विदेशी मुद्रा बाजार में उतार-चढ़ाव से निपटने के लिए किया जा सकता है।

विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों और सोने के भंडार में भी कमी

RBI के आंकड़ों के मुताबिक, 2 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े हिस्से फॉरेन करेंसी एसेट्स (FCA) में 10.664 अरब डॉलर की गिरावट आई। इसके साथ FCA घटकर 604.747 अरब डॉलर रह गया।

इसमें डॉलर के अलावा यूरो, पाउंड और येन जैसी विदेशी मुद्राएं भी शामिल होती हैं। इन मुद्राओं की डॉलर में कीमत में बदलाव का असर भी भंडार के आंकड़ों पर पड़ता है।

इसी अवधि में भारत के सोने के भंडार का मूल्य भी 2.288 अरब डॉलर घटकर 106.413 अरब डॉलर रह गया। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास मौजूद विशेष आहरण अधिकार (SDR) में 1.5 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी हुई और यह 18.656 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

हालांकि, IMF में भारत की रिजर्व स्थिति 1.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.789 अरब डॉलर रह गई। इस तरह विदेशी मुद्रा भंडार के प्रमुख घटकों में गिरावट के बीच SDR में मामूली बढ़त दर्ज की गई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.