राजनीति में नई पारी को तैयार दिव्या मित्तल, नवरात्रि में करेंगी आगे की रणनीति का खुलासा

Divya Mittal Political Entry: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने की घोषणा के बाद अपने अगले कदम को लेकर संकेत दिया है। रविवार को नवरात्रि के पहले दिन वह मिर्जापुर (Mirzapur) के विंध्यधाम पहुंचीं और मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी और नवरात्रि के दौरान ही अपनी आगे की योजना का ऐलान करेंगी।

दिव्या मित्तल ने बताया कि वह नौ दिनों तक विंध्याचल में रहेंगी और इसी दौरान अपने अगले कदम की रूपरेखा तय करेंगी। मंदिर में वह गेट नंबर दो से सामान्य कतार में लगीं और करीब डेढ़ घंटे बाद मां के दर्शन किए। इसके बाद हवनकुंड में आहुति अर्पित कर नौ दिनों के अनुष्ठान का संकल्प लिया। पुरोहित ने उन्हें मां की चुनरी और माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने विशेष अनुष्ठान के लिए भी संकल्प कराया।

दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने बताया कि वह इस दौरान लहुरियादह की दुईजी देवी से भी मुलाकात करेंगी, जिनकी तबीयत खराब है। उन्होंने कहा कि उन्हें उनका आशीर्वाद मिला है।

राहुल गांधी से मुलाकात से किया इनकार

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से मुलाकात के सवाल पर दिव्या मित्तल ने कहा कि उनकी उनसे कोई मुलाकात नहीं हुई है। उन्होंने राजनीति को देश को दिशा देने वाला क्षेत्र बताया और कहा कि वह अपना पूरा समय सही दिशा में लगाना चाहती हैं।

जिगना में समर्थकों ने किया स्वागत

राजनीति में आने की घोषणा के बाद मिर्जापुर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का जिगना में समर्थकों ने स्वागत किया। महिलाओं ने उन्हें गुलाब की मालाएं पहनाईं और उनकी गाड़ी पर फूल बरसाए। इस दौरान ‘दिव्या मित्तल जिंदाबाद’ और ‘दिव्या दीदी जिंदाबाद’ के नारे लगे। समर्थकों से बातचीत में Divya Mittal ने कहा कि मिर्जापुर के लोगों का प्यार उन्हें भावुक कर देता है और यहां के लोगों को हमेशा खुश रहना चाहिए।

Also Read: राजनीति में आने का ऐलान करने के बाद मिर्जापुर पहुंचीं पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल का जोरदार स्वागत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.