Pratapgarh News: जनप्रतिनिधियों के कथित अपमान पर पासी समाज लामबंद, आगामी चुनाव में लोकतांत्रिक जवाब देने की बात
Pratapgarh News: बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के हीरागंज बाजार (प्रतापगढ़) में पासी समाज के जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर समाज के लोगों में नाराजगी है।
प्रकाशा देवी मैरिज हॉल में आयोजित बैठक में सैकड़ों लोग जुटे और टिप्पणी की निंदा करते हुए आक्रोश जताया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज के सम्मान और स्वाभिमान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने पासी समाज के ब्लॉक प्रमुख और विधायक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन विरोध के नाम पर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता।
वक्ताओं ने राजनीतिक दलों से ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करने की मांग भी उठाई।
पीडीए के नारे पर उठाए सवाल
बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए के नारे को लेकर भी सवाल उठाए गए।
वक्ताओं ने कहा कि पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के सम्मान और अधिकारों की बात करने वाले राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के व्यवहार में भी इन मूल्यों की झलक दिखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी एक कार्यकर्ता की टिप्पणी के आधार पर पूरे समाज के बारे में धारणा बनाना उचित नहीं है, लेकिन ऐसी घटनाओं पर राजनीतिक नेतृत्व को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की बात
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि पासी समाज अपने सम्मान के प्रति जागरूक है। वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने की बात कही।
साथ ही सामाजिक एकता, आपसी सम्मान और राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने पर जोर दिया गया।
कई जनप्रतिनिधि और समाज के लोग रहे मौजूद
बैठक में बिहार ब्लॉक प्रमुख रामचंद्र सरोज, बाबागंज ब्लॉक प्रमुख रामयश सरोज, डेरवा चेयरमैन कुंवर बहादुर पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामकैलाश सरोज, राकेश सरोज, इंदर सरोज, विष्णु गौतम, महेंद्र कुमार, प्रधान अरविंद सरोज, सुरेश सरोज, गुलेचंद्र सरोज, अखिलेश सरोज, राजू सरोज, प्रदीप सरोज, सोनू सरोज, लवलेश सरोज, राहुल सरोज, विकास सरोज, शिव बहादुर सरोज, घनश्याम सरोज और संतराम सरोज समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिलीप सरोज ने किया।
रिपोर्ट- विनोद मिश्रा
Also Read: Bareilly News: अवैध तमंचे और कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, चार मुकदमे दर्ज

