Bareilly News: शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर तैयारी तेज, DM अविनाश सिंह ने परखी व्यवस्था
Bareilly News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर बरेली में निर्वाचन अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
सोमवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कैंट स्थित रवींद्रनाथ टैगोर इंटर कॉलेज पहुंचकर प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मतदान अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव को सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका होती है।

इसलिए सभी कार्मिक प्रशिक्षण को गंभीरता से पूरा करें और निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों को अच्छी तरह समझें।
प्रशिक्षण में लापरवाही न बरतने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
यदि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े किसी भी बिंदु पर कोई संशय हो, तो उसका समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही कर लिया जाए। इससे मतदान के समय किसी तरह की परेशानी से बचा जा सकेगा।

उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को सावधानीपूर्वक समझने और प्रशिक्षण में दी जा रही जानकारी के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कई अधिकारी रहे मौजूद
प्रशिक्षण के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार और कॉलेज की प्रधानाचार्य वंदना मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

