अजय राय और ममता चौधरी के विवाद की होगी जांच, कांग्रेस ने बनाई 5 सदस्यीय कमेटी
Ajay Rai vs Mamta Chaudhary: उत्तर प्रदेश कांग्रेस (UP Congress) मुख्यालय में हुए हंगामे और मारपीट के मामले ने पार्टी के भीतर हलचल बढ़ा दी है। विवाद की जांच के लिए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम (Rajendra Pal Gautam) ने पांच सदस्यीय समिति गठित की है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी (Brijlal Khabri) को समिति की कमान सौंपी गई है। टीम सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंपेगी।
समिति में सह-प्रभारी अभिषेक दत्त और अब्दुल हन्नान, पूर्व सांसद रवि वर्मा तथा महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री शमीना शफीक को सदस्य बनाया गया है। समिति मंगलवार से मामले की पड़ताल शुरू करेगी।
पदभार कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ विवाद
दरअसल, रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ (Aradhana Mishra Mona) और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद (Imran Masood) का पदभार ग्रहण कार्यक्रम निर्धारित था। परंपरा के मुताबिक, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) को उन्हें कार्यभार सौंपना था।
दोनों नेता कुछ अंतराल पर कार्यालय पहुंचे। मोना गांधी प्रतिमा पर नमन करने लगीं, जबकि अजय राय अपने समर्थकों के साथ प्रदेश अध्यक्ष के कक्ष की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद महिला पार्षद ममता चौधरी (Mamta Chaudhary) ने कथित तौर पर अजय राय पर अभद्र टिप्पणी कर दी। राय ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अजय राय के समर्थक अमित और संदीप ने पार्षद पर हमला कर दिया। इसके बाद कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और हाथापाई होने लगी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
घटना से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचने के बीच प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने मामले को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, Ajay Rai ने बताया कि वह घटना के बाद अपने क्षेत्र वाराणसी लौट चुके हैं और संगठन के काम में जुटे हैं। हालांकि, उन्होंने विवाद और जांच समिति को लेकर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
Also Read: ‘दो कौड़ी की औकात में रहो’, अजय राय ने मुझसे कहा… कांग्रेस विवाद पर ममता चौधरी ने खोली जुबान

