Sports News: राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय की तूफानी पारी, सहवाग के बेटे आर्यवीर की दिल्ली 198 रन से हारी

Sports News: भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटों का आमना-सामना वीनू मांकड़ ट्रॉफी के अंडर-19 एलिट ग्रुप में हुआ।

12 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में कर्नाटक ने दिल्ली को 198 रन से हराया।

इस मैच में राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने विस्फोटक बल्लेबाजी की, जबकि वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक ने 49 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 418 रन बनाए। टीम के बड़े स्कोर में अन्वय द्रविड़ की तेजतर्रार पारी का अहम योगदान रहा।

उन्होंने महज 41 गेंदों पर नाबाद 85 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 5 छक्के शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट करीब 207 रहा।

कर्नाटक की ओर से नितिन आर्या और ध्रुव कृष्णन ने भी शतक जड़े। इन पारियों की बदौलत टीम ने दिल्ली के सामने 419 रन का लक्ष्य रखा।

आर्यवीर सहवाग 32 रन बनाकर आउट

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को कप्तान आर्यवीर सहवाग से बड़ी पारी की उम्मीद थी। हालांकि, वह 35 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में पांच चौके शामिल रहे।

दिल्ली की टीम कर्नाटक के विशाल स्कोर के दबाव से उबर नहीं सकी और 41.1 ओवर में 220 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह कर्नाटक ने 198 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अन्वय के पांच छक्कों की चर्चा

मैच में अन्वय द्रविड़ ने अकेले पांच छक्के लगाए। कर्नाटक की पारी में कुल 22 छक्के लगे, जबकि दिल्ली की पूरी टीम केवल पांच छक्के लगा सकी।

अन्वय की आक्रामक बल्लेबाजी और कर्नाटक के बल्लेबाजों के शतकों ने मैच में दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर पैदा कर दिया।

Also Read: Bareilly News: शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर तैयारी तेज, DM अविनाश सिंह ने परखी व्यवस्था

Get real time updates directly on you device, subscribe now.