लखनऊ में दीपावली से पहले चालू होंगे 3 नए बिजली उपकेंद्र, डेढ़ लाख लोगों को मिलेगी राहत

Lucknow News: दीपावली से पहले राजधानी के लोगों को बिजली की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। शहर में तीन नए बिजली उपकेंद्र चालू करने की तैयारी है। इनमें बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई और सेक्टर-जे उपकेंद्र के साथ गोमतीनगर का विशेषखंड उपकेंद्र शामिल है। इनके शुरू होने से करीब 1.50 लाख लोगों को बिजली कटौती, ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिल सकती है।

सेक्टर-जे उपकेंद्र के पावर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया जा चुका है, जबकि सेक्टर-आई में भूमिगत केबल बिछाने का काम चल रहा है। गोमतीनगर के विशेषखंड उपकेंद्र का निर्माण भी अंतिम चरण में है।

बसंतकुंज में ओवरलोडिंग से मिलेगी राहत

फिलहाल बसंतकुंज क्षेत्र में पुराने उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति होती है। गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने पर यहां ओवरलोडिंग की समस्या गंभीर हो जाती है। इसके कारण लोगों को बार-बार बिजली कटौती और कम वोल्टेज का सामना करना पड़ता है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से पानी का संकट भी खड़ा हो जाता है। इस समस्या से परेशान लोग कई बार उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा कर चुके हैं।

समस्या को देखते हुए एलडीए ने बसंतकुंज के सेक्टर-आई और सेक्टर-जे में 2×10 एमवीए क्षमता वाले बिजली उपकेंद्र बनाने का फैसला किया। सेक्टर-जे उपकेंद्र के पावर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया जा चुका है। इसे 132 केवी जेहटा ट्रांसमिशन उपकेंद्र से 33 केवी की भूमिगत डबल सर्किट लाइन के जरिए बिजली मिलेगी।

सेक्टर-आई उपकेंद्र में भी 2×10 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। हालांकि, बारिश के कारण भूमिगत केबल बिछाने का काम रुक गया है। उधर, गोमतीनगर के विशेषखंड उपकेंद्र का निर्माण भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

दुबग्गा और राष्ट्र प्रेरणा स्थल के आसपास के इलाकों को फायदा

अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने बताया कि बसंतकुंज के सेक्टर-आई और सेक्टर-जे में एलडीए उपकेंद्र बना रहा है। दोनों उपकेंद्र शुरू होने से दुबग्गा और राष्ट्र प्रेरणा स्थल के आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी। इससे ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

बिजली कनेक्शन की शिकायतों पर एमडी ने दिए जांच के आदेश

दूसरी ओर, बिजली कनेक्शन और थ्री-फेज मीटर लगाने में आ रही समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश अपना व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मध्यांचल विद्युत निगम के एमडी संदीप भागिया से मुलाकात की। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारी अजय यादव ने तीन उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने रखीं।

पहला मामला लखनऊ सेंट्रल जोन के उपभोक्ता आजम का है। शिकायत के मुताबिक, उनका स्वीकृत भार 4 से बढ़ाकर 5 किलोवाट कर दिया गया, लेकिन अब तक थ्री-फेज मीटर नहीं लगाया गया। उनका उपभोक्ता नंबर 0104733715 बताया गया है।

दूसरी शिकायत सरोजनी नगर के गढ़ी चुनौटी निवासी सुंदर की है। उन्होंने कृषि पीटीडब्ल्यू कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। शिकायत के अनुसार, मौके पर कृषि फीडर और 100 केवीए का ट्रांसफार्मर मौजूद होने के बावजूद विभाग ने 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने सहित 2,50,986 रुपये का एस्टीमेट अपलोड कर दिया। इससे उपभोक्ता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की बात कही गई है। उनके आवेदन की संख्या 1008658725 है।

तीसरा मामला भवानीगंज निवासी सगीर अहमद की दुकान के बिजली कनेक्शन से जुड़ा है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, एनओसी जमा करने के बावजूद उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया। आवेदन संख्या जे5560669201 बताई गई है।

व्यापार मंडल ने इन मामलों में हस्तक्षेप की मांग की। इस पर एमडी संदीप भागिया ने सभी शिकायतों की जांच के आदेश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: दिवाली तक टला दो हजार रुपये से अधिक के UPI पेमेंट पर MDR चार्ज का फैसला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.